उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में जिलाधिकारी ने धान की क्रॉप कटिंग का किया निरीक्षण, प्रति हेक्टेयर 41 क्विंटल पैदावार का अनुमान

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 05 नवम्बर 2026। खरीफ वर्ष 2026 के अंतर्गत जिले में धान की वास्तविक पैदावार का आकलन करने के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने ग्राम दुबखरा, तहसील बस्ती सदर में क्रॉप कटिंग प्रयोग का निरीक्षण किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने गाटा संख्या-419 में श्रीमती धनपति पत्नी सीताराम के खेत पर 10 मीटर समबाहु त्रिभुज के निर्धारित क्षेत्रफल में धान की कटाई प्रक्रिया का जायजा लिया। क्रॉप कटिंग के दौरान 43.33 वर्गमीटर क्षेत्रफल में कुल 17.660 किलोग्राम धान की पैदावार प्राप्त हुई। इसके आधार पर प्रति हेक्टेयर लगभग 41 क्विंटल उत्पादन का अनुमान लगाया गया।
जिलाधिकारी ने क्रॉप कटिंग प्रयोग की प्रक्रिया का निरीक्षण करते हुए फसल उत्पादन के वास्तविक आकलन से संबंधित जानकारी प्राप्त की। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत अधिसूचित फसल धान की ग्राम पंचायतवार पैदावार का आकलन क्रॉप कटिंग प्रयोग के आधार पर किया जाता है। इसके आंकड़ों का उपयोग फसल उत्पादन और बीमा संबंधी आकलन में किया जाता है।
इस अवसर पर उप कृषि निदेशक अशोक कुमार, अपर सांख्यिकी अधिकारी भूलेख अजय कुमार चौधरी, तहसीलदार रवि कुमार, राजस्व निरीक्षक सतीश चन्द्र, लेखपाल भरतलाल सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


