उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़

बस्ती में त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट, शांति समिति की बैठक में सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर हुई चर्चा

जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की, एसपी ओमवीर सिंह ने अफवाहों से दूर रहने की दी सलाह

बस्ती से वेदान्त सिंह

बस्ती, 05 नवम्बर 2026। आगामी धनतेरस, दीपावली, भाई दूज, लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन एवं छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई, बिजली, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं और मूर्ति विसर्जन की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने जनपदवासियों से आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बस्ती में मिल-जुलकर त्योहार मनाने की परंपरा को सभी लोग बनाए रखें। साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों को आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं भी दीं।

जिलाधिकारी ने साफ-सफाई को सभी की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए संबंधित अधिकारियों को विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, ढीले तारों को दुरुस्त करने तथा स्थानीय स्तर पर होने वाले बिजली फाल्ट को तत्काल ठीक कराने को कहा। प्रतिमा विसर्जन मार्गों के सुदृढ़ीकरण और समतलीकरण के लिए पीडब्ल्यूडी एवं नगरपालिका के अधिकारियों को निर्देशित किया गया। वहीं सभी विसर्जन घाटों पर समय से गोताखोर, नाव और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मूर्ति विसर्जन के दौरान निर्धारित समय का विशेष ध्यान रखा जाए। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाए। लक्ष्मी प्रतिमाओं की स्थापना ऐसे सुरक्षित स्थानों पर की जाए, जिससे यातायात बाधित न हो। आरती एवं पूजन के दौरान आग से बचाव के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया कि त्योहारों के दौरान सभी सीएचसी एवं पीएचसी पर पर्याप्त चिकित्सकों की उपलब्धता के साथ आवश्यक दवाओं की व्यवस्था रखी जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि कलेक्ट्रेट कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसी भी समस्या या आपात स्थिति में नागरिक मोबाइल नंबर 05542-247128 पर सूचना दे सकते हैं, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके। उन्होंने रेहड़ी-पटरी दुकानदारों से निर्धारित स्थानों पर ही दुकानें लगाने की अपील की, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

अफवाहों पर ध्यान न दें, तत्काल पुलिस को दें सूचना: एसपी

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध या महत्वपूर्ण सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस को उपलब्ध कराएं। उन्होंने संभ्रांत नागरिकों से अपनी नैतिक जिम्मेदारी निभाते हुए कार्यक्रम स्थलों पर किसी भी प्रकार का विवाद न होने देने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति में तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते समस्या का समाधान किया जा सके।

एसपी ने मूर्ति विसर्जन के दौरान निर्धारित प्रक्रिया और अनुशासन का पालन करने की बात कही। उन्होंने बताया कि जनपद अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम प्रस्तावित होने के मद्देनजर बस्ती जनपद में रूट डायवर्जन लागू किया गया है। उन्होंने आमजन से यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए डायवर्जन का पालन करने की अपील की।

पटाखा दुकानों के लिए निर्धारित किए गए स्थान

अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने बताया कि जनपद में पटाखों की दुकानें जीआईसी, आईटीआई और पाण्डेय स्कूल परिसर में निर्धारित स्थानों पर लगाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त कुछ दुकानें ग्रामीण क्षेत्रों में भी संचालित होंगी। उन्होंने दुकानदारों को निर्देश दिया कि अनुमति प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद ही दुकानें लगाएं। निर्धारित मानकों के अनुसार पर्याप्त पानी, बालू और अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखें। आबादी वाले क्षेत्रों में पटाखों की दुकानें न लगाई जाएं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकान्त, सहायक पुलिस अधीक्षक मानसी दहिया, सीएमओ डॉ. राजीव निगम, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, पीडी आनंद कुमार गुप्ता, डीआईओएस संजय सिंह, सीवीओ डॉ. ए.के. गुप्ता, एआरटीओ धर्मेन्द्र कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अपूर्वा सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, अहमद फरीद खान, हिमांशु कुमार, रश्मि यादव, राजेश कुमार, प्रद्युम्न कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, नगरपालिका ईओ अंगद गुप्ता, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अशोक मद्धेशिया, विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायक प्रतिनिधि, पत्रकार जयन्त मिश्रा, जीशान हैदर रिजवी, इमरान अली, राघवेन्द्र मिश्र, समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना अध्यक्ष, शांति समिति के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Related Articles

Back to top button