उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़

दीपावली, लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन और छठ पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीआईजी संजीव त्यागी ने की तैयारियों की समीक्षा

बस्ती में पुलिस लाइन सभागार में हुई बैठक, 6 नवंबर से शुरू होगा कंट्रोल रूम; 10, 11 और 12 नवंबर को प्रस्तावित है लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन

बस्ती से वेदान्त सिंह

बस्ती, 4 नवंबर 2026। आगामी दीपावली, लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन एवं छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस उप महानिरीक्षक संजीव त्यागी ने की। इस दौरान जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन सुरक्षा तथा प्रतिमा विसर्जन और छठ पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

डीआईजी संजीव त्यागी ने कहा कि सभी पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के प्रतीक हैं। इन्हें शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागीय और पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर समय से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य सेवाएं और अग्निशमन व्यवस्था रहेगी अलर्ट

जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह सक्रिय रहें। सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की पर्याप्त तैनाती की जाए। साथ ही एंबुलेंस और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को भी तैयार रखा जाए।

उन्होंने अग्निशमन विभाग को फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए। दीपावली के दौरान पटाखों की दुकानों पर अग्निशमन यंत्र, बालू और पानी की पर्याप्त व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा। दुकानों के आसपास सुरक्षा मानकों का पालन कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।

विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग और गोताखोरों की रहेगी व्यवस्था

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सार्वजनिक स्थलों, पूजा स्थलों और घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल तथा प्रकाश व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए। लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया।

जलाशयों एवं नदियों में प्रतिमा विसर्जन के दौरान गोताखोरों, नाव और बचाव दल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं, छठ पूजा के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।

6 नवंबर से सक्रिय होगा कंट्रोल रूम

त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट स्थित प्रशासनिक कक्ष में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह कंट्रोल रूम आगामी 6 नवंबर से क्रियाशील होगा।

कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर: 05542-247128

कंट्रोल रूम में कर्मचारियों की ड्यूटी शिफ्टवार लगाई गई है। यहां तैनात कर्मचारी निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर दीपावली और लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन से संबंधित सूचनाएं एवं शिकायतें प्राप्त करेंगे तथा उनके निस्तारण के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत कराएंगे।

10, 11 और 12 नवंबर को होगा लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। प्रतिमा विसर्जन जुलूसों के निर्धारित मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए और आवश्यक कार्रवाई की जाए। एसपी ने बताया कि लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम आगामी 10, 11 एवं 12 नवंबर को प्रस्तावित है। इसके मद्देनजर सभी संबंधित अधिकारी विसर्जन स्थलों और निर्धारित मार्गों का पहले से निरीक्षण कर लें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सहायक पुलिस अधीक्षक मानसी दहिया, डीएफओ डॉ. शिरीन, अपर जिलाधिकारी ज्ञानचंद गुप्ता, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, आबकारी अधिकारी राजेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य चितरंजन कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी संजीव कुमार, एसई विद्युत मोहम्मद खालिद सहित उपजिलाधिकारी एवं अन्य संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Related Articles

Back to top button