देशबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

विधायक डॉ. अरूण चौधरी एवं एडीएम भुवनेश्वर सिंह चौहान ने महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री को किया नमन

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

बालोतरा, 02 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लालबहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को विधायक डॉ. अरूण चौधरी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने महात्मा गांधी एवं लालबहादुर शास्त्री के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान का स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. अरूण चौधरी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, प्रेम और शांति के मार्ग पर चलकर देश को स्वतंत्रता दिलाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके विचार आज भी समाज को एकता, सद्भाव और नैतिकता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। गांधीजी का जीवन हमें सिखाता है कि सत्य और अहिंसा के माध्यम से बड़े से बड़े लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को गांधीजी के विचारों को अपने जीवन में अपनाते हुए समाज में भाईचारे, स्वच्छता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना चाहिए।

विधायक डॉ. चौधरी ने पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री को नमन करते हुए कहा कि शास्त्रीजी का सादा जीवन, उच्च विचार, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने देश को जय जवान, जय किसान का संदेश देकर जवानों और किसानों के योगदान को विशेष सम्मान दिया। शास्त्री जी ने अपने आचरण और कार्यशैली से सार्वजनिक जीवन में सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और जवाबदेही का आदर्श प्रस्तुत किया।

अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने कहा कि महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। गांधीजी ने सत्य, अहिंसा और नैतिक मूल्यों के माध्यम से समाज को नई दिशा दी, वहीं शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना चाहिए तथा समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जयंती हमें स्वच्छता, सामाजिक सद्भाव और अहिंसा के संकल्प को मजबूत करने का अवसर प्रदान करती है, जबकि शास्त्री जयंती देश के प्रति समर्पण, श्रम के सम्मान और आत्मनिर्भरता के महत्व का संदेश देती है। दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपनाकर ही एक समतामूलक, शांतिपूर्ण और विकसित समाज की स्थापना की जा सकती है।

कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद सभापति योगेश गहलोत, उप सभापति कांतिलाल हुंडिया, आयुक्त आशुतोष आचार्य उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button