धर्मबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानशिक्षा
जसोल में अणुव्रत समिति ने साध्वी श्री कुंदन प्रभा जी से लिया आशीर्वाद, नशा मुक्त मैराथन और अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह की दी जानकारी

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
जसोल, 21 सितंबर 2026। आचार्य श्री महाश्रमण जी की विदुषी सुशिष्या साध्वी श्री कुंदन प्रभा जी उदासर आदि ठाणा-4 के सानिध्य में जसोल में अणुव्रत समिति के पदाधिकारियों ने पहुंचकर दर्शन किए तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की।
अणुव्रत समिति जसोल के अध्यक्ष महावीरचंद सालेचा एवं मंत्री सफरूखान ने साध्वी श्री के दर्शन कर खमत-खामणा करते हुए आशीर्वचन प्राप्त किया। इस दौरान समिति की ओर से आगामी 4 अक्टूबर 2026, रविवार को आयोजित किए जाने वाले ‘नशा मुक्त परिवार मैराथन-2026’ की जानकारी दी गई।
अध्यक्ष महावीरचंद सालेचा ने बताया कि अणुव्रत अनुशास्ता के इंगितानुसार तथा अणुव्रत विश्व भारती के आह्वान पर अणुव्रत समिति जसोल द्वारा अन्य संस्थाओं के सहयोग से नशा मुक्त परिवार मैराथन-2026 आयोजित कराने की योजना है। इसका उद्देश्य समाज में नशामुक्ति एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
उन्होंने बताया कि 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर 2026 तक अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह भी प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष विभिन्न विद्यालयों में आयोजित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में चारित्रिक आत्माओं का सानिध्य आवश्यक बताया गया।
समिति के मंत्री सफरूखान ने साध्वी श्री को अवगत कराया कि 1 अक्टूबर से विद्यालयों का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित होने जा रहा है। ऐसे में विद्यालयों में आयोजित होने वाले अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के कार्यक्रमों को इसी समय-सारणी के अनुसार समायोजित करना होगा।
साध्वी श्री कुंदन प्रभा जी ने सहवर्ती साध्वियों से विचार-विमर्श के बाद कार्यक्रमों के लिए शुभकामनाएं प्रदान कीं और आशीर्वचन देते हुए मंगल पाठ सुनाया।
इस अवसर पर अणुव्रत के मूल्यों, नशामुक्त समाज और विद्यार्थियों में नैतिक एवं चारित्रिक संस्कारों के विकास पर भी जोर दिया गया।
जय अणुव्रत। जय अणुव्रत अनुशास्ता।

Subscribe to my channel


