बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानशिक्षा

रैगिंग रोकने को एसपी मेडिकल कॉलेज प्रशासन सख्त, एंटी रैगिंग कमेटी ने बनाई विस्तृत कार्ययोजना

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी

 

रैगिंग रोकने को एसपी मेडिकल कॉलेज प्रशासन सख्त, एंटी रैगिंग कमेटी ने बनाई विस्तृत कार्ययोजना

नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए अलग बॉयज हॉस्टल, 24 घंटे सुरक्षा व सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था

15 से 28 सितंबर तक वरिष्ठ छात्र अवकाश पर, अभिभावकों से भी बच्चों को रैगिंग से दूर रखने की अपील

S.P. Medical College, Bikaner, 18 सितम्बर । सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज, बीकानेर प्रशासन ने महाविद्यालय परिसर में रैगिंग की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। 18 सितंबर 2026 को प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. सुरेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए भयमुक्त एवं सुरक्षित वातावरण तैयार करने तथा रैगिंग रोकने के लिए किए जाने वाले विभिन्न उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में रैगिंग विरोधी गतिविधियों की रोकथाम के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की गई। एसीपी आकांक्षा चौधरी, वृत्ताधिकारी थाना सदर, जिला बीकानेर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एंटी रैगिंग कमेटी के सदस्य के रूप में शामिल हुए।

बैठक में बताया गया कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय, एनएमसी नई दिल्ली, राज्य सरकार एवं राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, जयपुर के आदेशों की पालना में महाविद्यालय प्रशासन द्वारा रैगिंग की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

सत्र 2026-27 के लिए गठित की गई विभिन्न समितियां

रैगिंग की रोकथाम के लिए सत्र 2026-27 में विभिन्न समितियों एवं प्रकोष्ठों का गठन किया गया है। इनमें रैगिंग विरोधी समिति, रैगिंग विरोधी दल, परामर्श प्रकोष्ठ, मार्गदर्शन प्रकोष्ठ, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक समिति, खेल-कूद समिति, नव-प्रवेशित एवं वरिष्ठ विद्यार्थियों में परिचय हेतु समिति तथा रैगिंग विरोधी छात्र समिति शामिल हैं।

रैगिंग की सूचना के लिए जारी किया सार्वजनिक हेल्पलाइन नंबर

जिला प्रशासन से अनुरोध किया गया है कि सार्वजनिक अधिसूचना जारी कर आमजन को रैगिंग से संबंधित किसी भी घटना की सूचना देने के लिए प्रेरित किया जाए। रैगिंग की शिकायत या जानकारी एसपी मेडिकल कॉलेज के टोल फ्री नंबर 1800-180-6233 पर भी दी जा सकती है।

मेडिकल कॉलेज के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने का अनुरोध

जिला पुलिस प्रशासन से भी अनुरोध किया गया है कि 15 सितंबर 2026 से शुरू हुए नए शैक्षणिक सत्र को देखते हुए मेडिकल कॉलेज सर्कल, नागणेची रोड, पवनपुरी, शास्त्री नगर, डुप्लेक्स कॉलोनी, शिवबाड़ी रोड, पटेल नगर, जेएनवी कॉलोनी एवं अंबेडकर सर्कल से मेडिकल कॉलेज रोड तक तथा नवप्रवेशित छात्रों के आवासीय क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाई जाए। साथ ही निजी पेइंग गेस्ट एवं हॉस्टल का पंजीकरण सुनिश्चित करने की बात कही गई।

सोशल मीडिया पर भी रैगिंग विरोधी जागरूकता अभियान

बैठक में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से रैगिंग के खिलाफ कानून एवं इसके दुष्परिणामों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का आग्रह किया गया। सोशल मीडिया के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार कर विद्यार्थियों एवं समाज को रैगिंग के खिलाफ जागरूक किया जाएगा।

हर पखवाड़े रैगिंग की जांच के लिए रेंडम सर्वे

महाविद्यालय प्रशासन ने शैक्षणिक वर्ष के पहले तीन महीनों के दौरान प्रत्येक पखवाड़े प्रथम वर्ष के बैच के बीच रेंडम सर्वे करवाने की योजना बनाई है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कॉलेज परिसर में कहीं भी रैगिंग जैसी गतिविधियां तो नहीं हो रही हैं। इस सर्वे से रैगिंग संबंधी किसी भी शिकायत या घटना की समय रहते पहचान की जा सकेगी।

वरिष्ठ विद्यार्थियों को 15 से 28 सितंबर तक अवकाश

अतिरिक्त प्रधानाचार्य एवं एंटी रैगिंग कमेटी संयोजक डॉ. नीती शर्मा ने बताया कि सभी सीनियर छात्रों को 15 सितंबर से 28 सितंबर 2026 तक एंटी रैगिंग अवकाश पर भेजा गया है। उनके अभिभावकों को पत्र लिखकर अपने पुत्र-पुत्रियों को रैगिंग जैसी गतिविधियों से दूर रहने के लिए समझाने की अपील की गई है।

महाविद्यालय परिसर रैगिंग मुक्त रखने के लिए सभी समिति सदस्य मुस्तैद

बैठक में एंटी रैगिंग समितियों के सदस्यों ने महाविद्यालय परिसर को रैगिंग जैसी गतिविधियों से मुक्त रखने के लिए मुस्तैदी से कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। किसी भी आवश्यकता पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क के लिए व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।

रैगिंग करना दंडनीय अपराध

अतिरिक्त प्रधानाचार्य डॉ. एन. एल. महावर ने बताया कि एंटी रैगिंग विनियमों के प्रावधानों के अनुसार किसी भी छात्र का रैगिंग करना दंडनीय अपराध है। विद्यार्थियों को नियमों की जानकारी देते हुए रैगिंग से पूरी तरह दूर रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

नवप्रवेशित छात्रों के लिए अलग बॉयज हॉस्टल, 24 घंटे सुरक्षा

अतिरिक्त प्रधानाचार्य डॉ. गौरव शर्मा ने बताया कि इस सत्र में नवप्रवेशित छात्रों के लिए विशेष रूप से अलग बॉयज हॉस्टल चिन्हित किया गया है। यहां 24 घंटे सुरक्षा कर्मियों एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। इसका उद्देश्य नवप्रवेशित छात्रों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।

महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रैगिंग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी तथा इसकी रोकथाम के लिए प्रशासन, पुलिस, महाविद्यालय की समितियां, विद्यार्थी और अभिभावक सभी मिलकर जिम्मेदारी निभाएंगे।

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Dr Ram Dayal Bhati

Editor Rajasthan Mobile Number 97848 14914

Related Articles

Back to top button