उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक में डीएम ने दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 02 सितम्बर 2026। जिलाधिकारी श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न राजस्व संबंधी कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनसामान्य से जुड़े राजस्व मामलों में पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए, ताकि फरियादियों को समय से न्याय मिल सके।
बैठक के दौरान तहसील स्तर पर लंबित वादों के साथ-साथ नामांतरण, वरासत, पैमाइश, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों का नियमित अनुश्रवण किया जाए और उनका शीघ्र निस्तारण कराया जाए। किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को फरियादियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने राजस्व कार्यों में तेजी लाने के साथ ही शासन के निर्देशों एवं निर्धारित समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चंद्र गुप्ता, समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


