धर्मबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानशिक्षा
तेरापंथ भवन में साध्वी श्री मंगलप्रज्ञाजी से ललित के. पंवार ने की धर्म एवं जीवन विज्ञान पर विस्तृत चर्चा
धर्म, अणुव्रत, प्रेक्षा ध्यान और जीवन विज्ञान के प्रचार-प्रसार पर हुआ विचार-विमर्श

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
तेरापंथ भवन में साध्वी श्री प्रोफेसर डॉ. मंगलप्रज्ञाजी के दर्शनार्थ राजस्थान सरकार की राज्य प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन सलाहकार समिति के अध्यक्ष एवं विवेकानंद ग्लोबल विश्वविद्यालय, जयपुर के चांसलर श्री ललित के. पंवार तथा अणुव्रत सेवी श्री ओम प्रकाश बांठिया पहुंचे। इस अवसर पर धर्म, अणुव्रत, प्रेक्षा ध्यान, जीवन विज्ञान तथा जैन विश्व भारती, लाडनूं में आयोजित योगक्षेम वर्ष से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
वार्ता के दौरान श्री ललित के. पंवार ने कहा कि उनका परिवार आचार्य श्री तुलसी के समय से ही तेरापंथ धर्मसंघ से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि वे आचार्य श्री महाप्रज्ञजी एवं आचार्य श्री महाश्रमणजी के भी समय-समय पर दर्शन करते रहे हैं। उन्होंने तेरापंथ धर्मसंघ की आध्यात्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
साध्वी श्री मंगलप्रज्ञाजी ने कहा कि विद्यालयों में प्रेक्षा ध्यान एवं जीवन विज्ञान को पाठ्यक्रम के रूप में शामिल किया जाना चाहिए। इससे विद्यार्थियों में एकाग्रता, अनुशासन, सकारात्मक सोच तथा जीवन-मूल्यों का विकास होने के साथ उनकी गुणवत्ता में भी वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ संस्कार एवं मानसिक संतुलन भी आवश्यक है।
साध्वी श्रीजी ने अपने श्रमणी कार्यकाल के दौरान किए गए विदेश प्रवास का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने लगभग 34-35 बार विदेश यात्राएं कर जैन धर्म, प्रेक्षा ध्यान एवं जीवन विज्ञान का प्रचार-प्रसार किया। उन्होंने कहा कि इन यात्राओं के दौरान लगभग 6,000 विदेशी सदस्यों को जैन धर्म एवं प्रेक्षा ध्यान की जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर तेरापंथ सभा के अध्यक्ष राणमल मेहता, उपाध्यक्ष प्रकाश बालड, मंत्री मोहनलाल बाफना, सह मंत्री राजेश बाफना एवं संगठन मंत्री महेंद्र गांधी मेहता ने अतिथियों का साहित्य भेंट कर सम्मान किया।
कार्यक्रम के दौरान आध्यात्मिक चिंतन, शिक्षा में जीवन मूल्यों के समावेश तथा प्रेक्षा ध्यान के माध्यम से समाज एवं युवा पीढ़ी के विकास पर विशेष जोर दिया गया।

Subscribe to my channel


