बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दी बालोतरा को 24 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
नगर विकास न्यास करवाएगी 24.21 करोड़ की लागत से सड़को का निर्माण

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा, 18 अगस्त। प्रदेश में शहरी विकास को नई गति देने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा राजस्थान के विभिन्न शहरों में 2,340 करोड़ रुपये की लागत के 941 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कर-कमलों से आयोजित कार्यक्रम में बालोतरा को भी महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात मिली।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बालोतरा नगर विकास न्यास क्षेत्र में जिला कोर्ट ओवरब्रिज से सिवाना सर्किल तक 4.70 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस कार्य पर 769.41 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही गुलाब सर्किल, बालोतरा से ओवरब्रिज तक सड़क निर्माण के लिए 1,652.07 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। दोनों कार्यों की कुल लागत 24.21 करोड़ रुपये है।
पचपदरा विधायक डॉ. अरुण चौधरी की अनुशंसा इन सड़कों का निर्माण कार्य नगर विकास न्यास द्वारा करवाया जाएगा। इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से बालोतरा शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ ही प्रमुख मार्गों पर आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।
सचिव अशोक कुमार ने बताया कि नगर विकास न्यास के चेयरमैन सुशील कुमार यादव के मार्गदर्शन में बालोतरा जिले में विकास कार्यों को प्राथमिकता से गति दी जा रही है। जिले में आधुनिक अवसंरचनाओं का निर्माण तीव्र गति से हो रहा है। जिले में खेलो को बढ़ावा देने के लिए अत्याधुनिक खेल मैदान का कार्य प्रगति है। इन सड़कों के निर्माण से जिला मुख्यालय पर वाहनों का आवागमन सुगम होगा।
इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का नगर परिषद सभागार में सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान, नगर विकास न्यास के सचिव अशोक कुमार, नगर परिषद आयुक्त आशुतोष आचार्य, भाजपा जिलाध्यक्ष भरत मोदी, अधिशाषी अभियंता अखाराम पंवार, स्थानीय जनप्रतिनिधि भवानी सिंह टापरा, त्रिलोकचंद माली, झूमरलाल सार्जेंट, मदन चोपड़ा समेत सभी जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। तथा पचपदरा विधायक डॉ. अरुण चौधरी जयपुर से इस कार्यक्रम में जुड़े।
*प्रदेश को मिली 2,340 करोड़ की विकास सौगात*
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न शहरों में सड़क, परिवहन और अन्य शहरी आधारभूत सुविधाओं से जुड़े 941 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही 71 ई-बसों का भी शुभारंभ किया गया। जयपुर एवं भीलवाड़ा के लिए 24 ई-बसों का शुभारंभ जयपुर से किया गया, जबकि अलवर, अजमेर, जोधपुर, कोटा एवं उदयपुर से 47 ई-बसों का वर्चुअली शुभारंभ हुआ।
ई-बसों के संचालन से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ प्रदूषण में कमी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

Subscribe to my channel


