जम्मू कश्मीरपुंछब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य
पुंछ में सांप के काटने से 25 वर्षीय युवक की मौत, अस्पताल के बाहर परिजनों का प्रदर्शन

ब्यूरो चीफ राजेश कुमार, पुंछ
पुंछ। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सांप के काटने से 25 वर्षीय युवक की मौत के बाद जिला अस्पताल के बाहर परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही और शव को ले जाने के लिए समय पर वाहन उपलब्ध न कराने का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मृतक की पहचान खानातर निवासी मकसूद (25 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रविवार शाम सांप के काटने के बाद युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल पुंछ में भर्ती कराया गया था। उनका कहना है कि प्रारंभिक चिकित्सीय जांच सामान्य बताई गई थी, लेकिन रात में उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई और सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों ने जिला अस्पताल के बाहर प्रदर्शन करते हुए अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना था कि शव को अस्पताल से ले जाने के लिए भी समय पर वाहन की व्यवस्था नहीं की गई, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसके बाद परिजन शव को डाक बंगला लेकर पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय विधायक अजय/एजाज जान से मुलाकात करने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मुलाकात नहीं हो सकी, जिसके बाद उन्होंने नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
घटना की सूचना मिलने पर डिप्टी एसपी (प्रोबेशनरी एसएचओ) तानिया गुप्ता मौके पर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और मामले में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। परिजन मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Subscribe to my channel


