अपराधबालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानव्यापार
भाखरसर में अवैध पत्थर खदानों के खिलाफ ग्रामीणों का मोर्चा, एसपी से कार्रवाई की मांग
ओवरलोड परिवहन, अवैध विस्फोट और खुले गड्ढों से जान-माल का खतरा, ग्रामवासियों ने सौंपा ज्ञापन

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा। जिले के राजस्व ग्राम भाखरसर में संचालित कथित अवैध पत्थर खदानों के खिलाफ ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक बालोतरा को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में बड़े स्तर पर अवैध खनन किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण, कृषि भूमि और आमजन की सुरक्षा पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
ज्ञापन में बताया गया है कि कुछ खदान संचालक अपनी निर्धारित सीमा से बाहर खातेदारी भूमि पर भी अवैध रूप से पत्थर निकाल रहे हैं। खनन के बाद बड़े-बड़े गहरे गड्ढे खुले छोड़ दिए गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर गया है। इससे किसी भी समय पशु, चरवाहे या छोटे बच्चों के साथ दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खनन के कारण खातेदारी भूमि को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिससे कई खेत खेती योग्य नहीं रहे। कई बार विरोध और समझाइश के बावजूद खदान संचालकों ने मनमानी बंद नहीं की।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि खदानों से ओवरलोड वाहनों का लगातार आवागमन होने से गांव की सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। साथ ही अवैध विस्फोटों से आसपास के मकानों में दरारें पड़ गई हैं तथा पानी की टंकियों को भी नुकसान पहुंचा है। लगातार हो रहे विस्फोटों से पर्यावरण प्रदूषण बढ़ रहा है और वन्यजीवों व पशुओं के जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि ओवरलोड परिवहन पर तत्काल रोक लगाई जाए, खुले गड्ढों को भरवाया जाए, अवैध विस्फोट बंद करवाए जाएं तथा भाखरसर में कथित अवैध पत्थर खदानों का संचालन करने वाले खदान संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

Subscribe to my channel


