बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
जसोल में व्यक्तित्व विकास कार्यशाला आयोजित, साध्वियों ने ‘योगक्षेमवर्ष’ का दिया प्रेरक संदेश

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
जसोल। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के निर्देशन में तेरापंथ युवक परिषद जसोल द्वारा “व्यक्तित्व विकास कार्यशाला” के अंतर्गत “योगक्षेमवर्ष भरो इतना खाली ना हो” विषय पर प्रेरणादायी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तेरापंथ सभा, तेरापंथ महिला मंडल, तेरापंथ युवक परिषद सहित विभिन्न संस्थाओं के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ तेरापंथ युवक परिषद जसोल द्वारा प्रस्तुत “विजय गीत” तथा तेरापंथ महिला मंडल द्वारा “योगक्षेमवर्ष” गीत के सामूहिक गायन से हुआ। पूरे कार्यक्रम का वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा एवं प्रेरणा से ओत-प्रोत रहा।
साध्वी श्री कुंदन प्रभा जी की पावन सन्निधि में आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए साध्वी विद्युतप्रभा जी, साध्वी किरणयशा जी एवं साध्वी चारित्रप्रभा जी ने योगक्षेमवर्ष के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जीवन को सार्थक और समृद्ध बनाने के लिए तीन बातों को अपनाना आवश्यक है—उत्तम व्यक्तियों के साथ संगति करना, विद्वानों के साथ सार्थक वार्तालाप करना तथा सहृदय लोगों के साथ मैत्री स्थापित करना। इन गुणों को अपनाकर व्यक्ति अपने जीवन को सफल एवं संतुलित बना सकता है।
साध्वियों ने योगक्षेम की व्यापक परिभाषा बताते हुए आध्यात्मिक, नैतिक एवं सामाजिक विकास पर अपने प्रेरक विचार व्यक्त किए। उपस्थित श्रद्धालुओं ने उनके संदेशों को गंभीरता से सुना और जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन साध्वी श्री कुंदन प्रभा जी के मंगल पाठ के साथ हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक, महिलाएं, युवा एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


