बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानशिक्षा

गीतांजली पब्लिक स्कूल की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण जन-जागरूकता रैली ने दिया हरित राजस्थान का संदेश

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

बालोतरा, 25 जुलाई।

गीतांजली पब्लिक स्कूल, पचपदरा द्वारा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से शनिवार को बालोतरा शहर में एक भव्य स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण जन-जागरूकता रैली का सफल आयोजन किया गया। इस रैली में सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शहरवासियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण के प्रति जागरूक किया।

रैली का शुभारंभ नया बस स्टैंड, बालोतरा से हुआ। मुख्य अतिथि माननीय जिला पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुमार कावेट (IPS), बालोतरा थाना प्रभारी श्री हिंगलाज दान, केसर कंवर (अपराध शाखा बालोतरा ), हनुमाना राम प्रजापत (सहायक उप -निरीक्षक )व अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने हाथों से तैयार किए गए आकर्षक हैंडमेड डस्टबिन एवं पौधे अतिथियों को भेंट कर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

रैली बालोतरा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकली। मार्ग में विद्यार्थियों ने “स्वच्छ भारत – स्वस्थ भारत”, “एक पेड़ माँ के नाम”, “हरित राजस्थान – स्वच्छ राजस्थान” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न दुकानों, प्रतिष्ठानों एवं नागरिकों को स्वयं निर्मित हैंडमेड डस्टबिन एवं पौधे भेंट कर स्वच्छता अपनाने और अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आग्रह किया। शहरवासियों ने भी विद्यार्थियों के इस अभिनव प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना की।

मुख्य अतिथि जिला पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुमार कावेट ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन एवं पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालयों द्वारा इस तरह के जन-जागरूकता अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

रैली का समापन जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय में हुआ, जहाँ विद्यार्थियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री भुवनेश्वर सिंह चौहान का विद्यालय परिवार द्वारा साफा एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। विद्यार्थियों ने उन्हें भी अपने हाथों से बनाए डस्टबिन एवं पौधे भेंट करते हुए “हरित राजस्थान – स्वच्छ राजस्थान” का संदेश दिया।

अपने संबोधन में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री भुवनेश्वर सिंह चौहान ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता की आदतें विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज में सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बनने के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि यदि शहर में किसी प्रकार की सुविधा की आवश्यकता हो या सुधार के सुझाव हों, तो विद्यार्थी प्रशासन तक अपनी बात अवश्य पहुँचाएँ। प्रशासन सदैव जनहित एवं विद्यार्थियों के सुझावों का स्वागत करेगा।

विद्यालय के संस्थापक एवं चेयरमैन श्री मुकेश प्रजापत ने कहा कि विद्यार्थियों में इस रैली को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। विद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़कर जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनाना भी है। उन्होंने रैली को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाले जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, समस्त अतिथियों, अभिभावकों एवं शहरवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री राजेन्द्र सिंह ने बताया कि यह रैली विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायी अनुभव रही। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने पूरे अनुशासन, ऊर्जा और उत्साह के साथ स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाया। विद्यालय भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा, जिससे विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण की भावना का विकास हो सके।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, समस्त विद्यालय स्टाफ, अभिभावकगण, पुलिस प्रशासन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने बालोतरा शहर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायी संदेश दिया।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button