बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
वृद्धजनों की सेवा के लिए ‘वानप्रस्थ सेवा संस्थान’ का गठन, आश्रम खोलने का लिया गया निर्णय

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा। समाज के वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध नागरिकों की एक विशेष बैठक में वृद्धजनों के सम्मानपूर्ण, सुरक्षित और आनंदमय जीवन के उद्देश्य से ‘वानप्रस्थ सेवा संस्थान’ का विधिवत गठन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संस्थान के माध्यम से एक आश्रम की स्थापना की जाएगी, जहां जरूरतमंद बुजुर्गों को आवास, भोजन और चिकित्सा जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि समाज के बुजुर्गों का सम्मान और उनकी देखभाल हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे समय में जब कई वृद्धजन अकेलेपन और विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं, वानप्रस्थ सेवा संस्थान उनके लिए एक सशक्त सहारा बनेगा। संस्थान का उद्देश्य वृद्धजनों को आत्मसम्मान के साथ सुरक्षित और सुखद जीवन उपलब्ध कराना है।
बैठक के दौरान संस्थान की नई कार्यकारिणी का भी सर्वसम्मति से गठन किया गया। शंकरलाल चारण को अध्यक्ष, रतनलाल खत्री एवं शैतानसिंह चारण को उपाध्यक्ष, बंशीधर सेठिया को सचिव, अनूप शर्मा को सहसचिव, रामकिशन करनानी को कोषाध्यक्ष तथा लालचन्द पुनीत को संरक्षक नियुक्त किया गया।
इसके अलावा मदनराज चौपड़ा, प्रभा सिंघवी, प्रमेन्द्र बाफना, रामेश्वरलाल भूतड़ा, सत्यनारायण गौड़, घनश्याम सिंह शेखावत, महेन्द्र अग्रवाल, जीतमल सुथार, बंशीलाल परमार और प्रताप ललवाणी को कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया गया।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संस्थान के उद्देश्यों को सफल बनाने, समाज के सहयोग से वृद्धाश्रम की स्थापना करने तथा जरूरतमंद बुजुर्गों की हरसंभव सेवा करने का संकल्प लिया। संस्थान के गठन को समाजहित में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए उपस्थित लोगों ने इसे समय की आवश्यकता करार दिया।

Subscribe to my channel


