बालोतरा। बारिश से पहले नालों की सफाई को लेकर प्रशासन द्वारा अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन सफाई के बाद निकाली गई गाद और कीचड़ को सड़क पर ही फैला दिए जाने से आमजन की परेशानी बढ़ गई है। शहर के बीपीएल क्वार्टरों के सामने की डबल सड़क पर नाले से निकाली गई गंदगी फैली हुई है, जिससे क्षेत्र में दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की शिकायत सामने आई है।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता रामेश्वर प्रजापत ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि नालों की सफाई बारिश से पहले बेहद जरूरी है, क्योंकि इससे जलभराव की समस्या से राहत मिल सकती है। हालांकि, सफाई के बाद गाद और कीचड़ को सड़क पर छोड़ देना सफाई व्यवस्था की गंभीर खामी को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि बीपीएल क्वार्टरों में आर्थिक रूप से कमजोर परिवार निवास करते हैं। सड़क पर फैली गंदगी और बदबू के कारण स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को यातायात में दिक्कत के साथ-साथ दुर्गंध, मच्छरों और संभावित संक्रमण का सामना करना पड़ रहा है।
रामेश्वर प्रजापत ने कहा कि क्षेत्र में रहने वाले छोटे बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब आधुनिक तकनीक के माध्यम से नाले से निकाली गई गाद को तत्काल वाहनों में भरकर हटाया जा सकता है, तो उसे सड़क पर फैलाकर आम नागरिकों को परेशानी में डालने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है?
उन्होंने सुझाव दिया कि नाले की सफाई के दौरान गाद को तिरपाल से ढके वाहनों में सीधे भरकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया जाए। साथ ही, जहां घनी आबादी हो, वहां सफाई कार्य की ऐसी योजना बनाई जाए जिससे स्थानीय निवासियों को कम से कम परेशानी हो।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ने संबंधित विभाग से मांग की कि सड़क पर फैली गाद और कीचड़ को तत्काल हटाकर क्षेत्र की सफाई कराई जाए। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को भी स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण में रहने का पूरा अधिकार है तथा प्रशासन को इस मामले में तत्काल प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
Balotra District Collector and District Magistrate