बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानरोज़गारशिक्षा
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने कोें महिला राजमिस्त्री कौशल प्रशिक्षण शुरू
आरयूआईडीपी के तहत 15 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ, निर्माण कार्य में महिलाओं की बढ़ेगी भागीदारी

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा, 17 जुलाई। महिलाओं को रोजगारपरक कौशल उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बालोतरा में 15 दिवसीय महिला राजमिस्त्री कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
आरयूआईडीपी के अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार जैन एवं सहायक अभियंता शशिकांत शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में 10 महिलाओं को राजमिस्त्री कार्य का व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से महिलाओं को निर्माण क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर ट्रेनिंग एक्सपर्ट राकेश नाथ तिवारी एवं जेंडर एक्सपर्ट चिरंजी लाल चंदेल ने प्रशिक्षणार्थियों को कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया। उन्होंने सुरक्षित कार्य पद्धतियों, निर्माण कार्यों में महिलाओं की बढ़ती भूमिका तथा कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही प्रशिक्षण के दौरान नियमित उपस्थिति, अनुशासन एवं सक्रिय सहभागिता बनाए रखने का आह्वान किया।
उन्होने कहा कि वर्तमान समय में निर्माण क्षेत्र में कुशल महिला श्रमिकों की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं को तकनीकी दक्षता प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे महिलाएं न केवल अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकेंगी, बल्कि परिवार एवं समाज के विकास में भी प्रभावी योगदान देंगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन में सहायक सामुदायिक विकास अधिकारी गायत्री गर्ग, जीसीकेसी के महेंद्र कुमार, चांदनी एवं लक्ष्मी ने सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजन के दौरान महिलाओं ने प्रशिक्षण के प्रति उत्साह व्यक्त करते हुए इसे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

Subscribe to my channel


