बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

महावीर इंटरनेशनल वर्धमान केंद्र ने स्थापना दिवस पखवाड़े में नाहटा अस्पताल को भेंट कीं 100 बेबी किट

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

बालोतरा। महावीर इंटरनेशनल वर्धमान केंद्र, बालोतरा द्वारा 52वें स्थापना दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय नाहटा अस्पताल में 100 बेबी किट भेंट की गईं। संस्था के प्रतिनिधियों ने अस्पताल के पीएमओ को ये किट सौंपीं, जिन्हें बाद में पीएमओ ने स्वयं वार्ड में जाकर नवजात शिशुओं की माताओं को वितरित किया।

संस्था ने बताया कि नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं सुरक्षित मातृत्व को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष बेबी किट पहले की तुलना में अधिक उच्च गुणवत्ता वाले फ्लालैन (Flannel) सामग्री से तैयार कराई गई हैं, जिससे शिशुओं को बेहतर सुरक्षा और आराम मिल सके।

इस अवसर पर राजकीय नाहटा अस्पताल के पीएमओ बनने पर डॉ. कमलेश चौधरी का संस्था की ओर से साफा, शॉल एवं माला पहनाकर अभिनंदन किया गया। संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि पीएमओ अस्पताल का वरिष्ठ प्रशासनिक एवं चिकित्सा पद होता है, जो अस्पताल की व्यवस्थाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महावीर इंटरनेशनल वर्धमान केंद्र के चेयरपर्सन अशोक चोपड़ा ने कहा कि “महावीर इंटरनेशनल का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना नहीं, बल्कि समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और सकारात्मक परिवर्तन की भावना को मजबूत करना है।”

संस्था के सचिव सुरेश गोठी ने सभी सदस्यों से एकजुट होकर सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने तथा समाज में संगठन की पहचान को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।

बैठक के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने संस्था की सेवा गतिविधियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।

महावीर इंटरनेशनल वर्धमान केंद्र के वीर सदस्य वर्तमान में रक्तदान शिविरों के आयोजन एवं एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन अभियान में भी सक्रिय सहयोग कर रहे हैं। संस्था 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं को सरकारी स्तर पर एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक करने एवं टीका लगवाने में सहयोग प्रदान कर रही है। विशेषज्ञों के अनुसार यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी और भरोसेमंद माध्यम माना जाता है।

इस अवसर पर संस्थापक पवन नाहटा, अध्यक्ष अशोक कुमार चोपड़ा, सचिव सुरेश कुमार गोठी, कोषाध्यक्ष राजेश कुमार बांठिया, उमाशंकर टिबरेवाल, संपत बालर, रतन छाजेड़, सुरेश पुगलिया सहित महावीर इंटरनेशनल वर्धमान केंद्र के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button