जम्मू कश्मीरपुंछब्रेकिंग न्यूज़

पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सेरी ख्वाजा के शिक्षकों ने बारिश से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कर बहाल किया यातायात

संवाददाता अमरजीत सिंह, पुंछ

पुंछ, 2 जुलाई। लगातार हुई भारी बारिश के कारण मैदाना पुल से पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सेरी ख्वाजा को जोड़ने वाली सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई। सड़क के कुछ हिस्से बह गए, जबकि कई जगह गड्ढे और नालियां बन जाने से विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्थानीय ग्रामीणों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ऐसे में सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सेरी ख्वाजा के शिक्षकों ने स्वयं आगे आकर सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू किया। शिक्षकों ने श्रमदान कर सड़क पर बने गड्ढों को भरा, अवरुद्ध हिस्सों को साफ किया तथा बारिश से बनी नालियों की मरम्मत कर सड़क को दोबारा आवागमन योग्य बनाया।
इस सराहनीय अभियान में स्थानीय ग्रामीणों और वाहन चालकों ने भी शिक्षकों का सहयोग किया। सभी के सामूहिक प्रयास से सड़क पर यातायात फिर से सुचारु रूप से शुरू हो सका।
स्थानीय लोगों ने शिक्षकों की इस पहल की जमकर प्रशंसा की। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षकों ने शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्व निभाते हुए सेवा, सहयोग और सामुदायिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।
यह पहल दर्शाती है कि पीएम श्री विद्यालय के शिक्षक केवल विद्यार्थियों की शिक्षा तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि स्थानीय समुदाय के हित और जनसुविधाओं के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button