बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
महिला अधिवक्ताओं ने नए न्यायालय परिसर में महिला बार रूम की मांग उठाई, जिला एवं सत्र न्यायाधीश को सौंपा ज्ञापन

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर | 30 जून 2026
बीकानेर के नए न्यायालय परिसर में महिला अधिवक्ताओं की सुविधाओं को लेकर महिला बार रूम की मांग तेज हो गई है। अधिवक्ता सकीना बानो ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बीकानेर को ज्ञापन सौंपकर नए न्यायालय परिसर में महिला बार रूम की व्यवस्था किए जाने का अनुरोध किया है।
ज्ञापन में बताया गया है कि नए न्यायालय परिसर में वर्तमान में दो कॉमन बार रूम हैं, जिनमें एक भूतल और दूसरा प्रथम तल पर स्थित है। न्यायालय के नए परिसर में स्थानांतरण के समय यह स्पष्ट किया गया था कि इन बार रूम का उपयोग किसी भी अधिवक्ता द्वारा स्थायी रूप से नहीं किया जाएगा तथा इन्हें केवल अस्थायी रूप से बैठने, अल्पाहार और चाय-पान जैसी आवश्यकताओं के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
ज्ञापन के अनुसार, समय के साथ कई अधिवक्ताओं को चैंबर आवंटित हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कुछ अधिवक्ता अभी भी कॉमन बार रूम का स्थायी रूप से उपयोग कर रहे हैं। वहीं नए न्यायालय परिसर में महिला अधिवक्ताओं के लिए अलग से कोई महिला बार रूम उपलब्ध नहीं है।
सकीना बानो ने अपने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि पुराने न्यायालय परिसर में महिलाओं के लिए एक कॉमन रूम बना हुआ है, लेकिन उसका उपयोग बेहद कम हो रहा है और उसकी स्थिति भी जर्जर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में महिला अधिवक्ताओं की संख्या पहले की तुलना में काफी बढ़ गई है। ऐसे में महिला अधिवक्ताओं के बैठने, विश्राम करने, अल्पाहार करने, दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति तथा दूर-दराज से आने वाली महिला पक्षकारों एवं छोटे बच्चों को स्तनपान कराने वाली महिलाओं की सुविधा के लिए नए न्यायालय परिसर में महिला बार रूम की अत्यंत आवश्यकता है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि नए न्यायालय परिसर के भूतल या प्रथम तल पर स्थित दो कॉमन बार रूम में से एक को महिला बार रूम के रूप में आरक्षित किया जाए। विशेष रूप से प्रथम तल पर स्थित बार रूम को महिला बार रूम घोषित करने का सुझाव दिया गया है, ताकि महिला अधिवक्ताओं को अधिक सुविधा मिल सके।
इस संबंध में ज्ञापन की प्रतिलिपि बार एसोसिएशन, बीकानेर के अध्यक्ष को भी प्रेषित की गई है।

Subscribe to my channel


