बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

15 दिन के सतत प्रयासों के बाद समदड़ी रोड की अवरुद्ध सीवर लाइन हुई सुचारु

नगर परिषद की कार्रवाई से समदड़ी रोड सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को मिली बड़ी राहत

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

 

बालोतरा, 29 जून। नगर परिषद बालोतरा ने शहर में लंबे समय से अवरुद्ध पड़ी सीवरेज लाइन के ब्लोकेज को दुरूस्त कर आमजन को बड़ी राहत दी। समदड़ी रोड पर ब्लॉकेज के कारण पिछले काफी समय से स्थानीय नागरिकों को सीवरेज निकासी की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। नगर परिषद की टीम ने करीब 15 दिनों तक लगातार अभियान चलाकर आधुनिक मशीनों की सहायता से सीवर लाइन का सुधार कार्य पूरा किया और उसे पुनः संचालित कर दिया।

अतिरिक्त जिला कलक्टर एवं नगर परिषद प्रशासक भुवनेश्वर सिंह चौहान ने बताया कि समदड़ी रोड क्षेत्र में सीवरेज लाइन लंबे समय से अवरुद्ध होने के कारण आमजन को गंभीर परेशानी हो रही थी। समस्या के समाधान के लिए नगर परिषद ने विशेष अभियान चलाया, जिसके तहत तकनीकी विशेषज्ञों एवं कर्मचारियों की टीम ने लगातार 15 दिनों तक मौके पर कार्य करते हुए आधुनिक मशीनों की मदद से ब्लॉकेज को हटाया। उन्होंने बताया कि सीवर लाइन को आवश्यक स्थानों पर जोड़कर पुनः सुचारु रूप से चालू किया गया है। इसके परिणामस्वरूप समदड़ी रोड, मयूर स्कूल, राघवदास आश्रम, जीरो फाटक तथा ठकराणी का जाव सहित आसपास के क्षेत्रों में सीवरेज व्यवस्था सामान्य हो गई है, जिससे स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिली है।

नगर परिषद आयुक्त आशुतोष आचार्य के मार्गदर्शन तथा तकनीकी अधिकारियों की निगरानी में यह कार्य निर्धारित समय में सफलतापूर्वक पूरा किया गया। अभियान के दौरान संबंधित अभियंताओं एवं कर्मचारियों ने समन्वित रूप से कार्य करते हुए जटिल तकनीकी चुनौतियों का समाधान किया और सीवरेज प्रणाली को पुनः संचालित किया। उन्होने बताया कि शहर की सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नियमित रूप से निरीक्षण एवं रखरखाव कार्य जारी रहेगा। साथ ही नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे सीवर लाइनों में प्लास्टिक, कपड़े, निर्माण सामग्री अथवा अन्य ठोस अपशिष्ट न डालें, ताकि सीवरेज व्यवस्था सुचारु बनी रहे और भविष्य में इस प्रकार की समस्याओं से बचा जा सके।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button