ब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थानस्वास्थ्य
भिवाड़ी में भाजपा द्वारा मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, योग शिविर में दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
भिवाड़ी, 21 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी भिवाड़ी मंडल द्वारा सेक्टर-4 स्थित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप पार्क (गांधी कुटीर), राजस्थान हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया।
भिवाड़ी मंडल महामंत्री राहुल सिंह राजपूत ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं निरोगी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम का आयोजन “योग भगाए रोग, योग से रहें निरोग” थीम के तहत किया गया।
योग शिविर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर कुटुंब प्रबोधन प्रमुख सचिन कुमार एवं जिला सद्भाव कार्य प्रमुख संजीव सिंह जादौन ने संयुक्त रूप से योग, शारीरिक व्यायाम एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। इस दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों के लाभों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा भिवाड़ी मंडल अध्यक्ष नरेन्द्र खटाना ने किया। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अनुशासित जीवन के साथ योग साधना को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है।
योग शिक्षक सचिन कुमार ने अपने संबोधन में कुटुंब प्रबोधन के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि संयुक्त परिवार व्यवस्था समाज में खुशहाली, संस्कार और सामाजिक समरसता का आधार रही है। वर्तमान समय में एकल परिवारों की बढ़ती प्रवृत्ति के बीच बच्चों में चारित्रिक गुणों, नैतिक मूल्यों और पारिवारिक संस्कारों का विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मजबूत परिवार और सभ्य समाज ही राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव रखते हैं।
योग शिविर में भाजपा जिला उपाध्यक्ष चित्रा शर्मा, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अभय विधूड़ी, करुणा शर्मा, बूथ अध्यक्ष रवि भारद्वाज, अंकुश, आईटी सेल अध्यक्ष दिनेश बेदी, भिवाड़ी ब्लाइंड स्कूल के प्रधानाचार्य एवं संचालक शमशेर सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने तथा स्वस्थ भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Subscribe to my channel


