खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
जिला कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समीक्षा बैठक, लंबित प्रकरणों का शिविर के माध्यम से निस्तारण के निर्देश

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
खैरथल-तिजारा, 15 जून। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए तथा जनहित से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
बैठक में ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर, जर्जर भवनों के चिन्हीकरण, जनगणना संबंधी तैयारियों, सीएलएफ हेतु भूमि चिन्हीकरण, राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों तथा विभिन्न विभागीय गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आमजन को समयबद्ध राहत प्रदान करना है, इसलिए सभी विभाग अपने लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें।
बैठक में जिला कलेक्टर ने चिकित्सा विभाग को आयुष्मान कार्ड ई-केवाईसी, लाडो प्रोत्साहन योजना की लंबित किस्तों का भुगतान तथा टीबी स्क्रीनिंग अभियान में ग्रामीण एवं शहरी शिविरों के माध्यम से तेजी लाने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला रसद अधिकारी को एनएफएसए मैपिंग एवं ई-केवाईसी से संबंधित लंबित प्रकरणों का निस्तारण शिविरों के माध्यम से करने के निर्देश दिए गए ताकि ग्रामीणों को बार-बार मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
उन्होंने समाज कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों को भी अपने विभागों की लंबित पेंडेंसी शिविरों के माध्यम से निस्तारित करने तथा योजनाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर ही अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। जिला कलेक्टर ने गांव-गांव जाकर पेयजल के नमूनों की जांच, भूजल स्तर जांचने तथा जर्जर भवनों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी प्रदान किए।
बैठक में 90 दिनों से अधिक समय से लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से व्यक्तिगत चर्चा कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों में विभागीय अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में जलभराव संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर प्रभावी समाधान की कार्ययोजना तैयार की जाए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट, कोषाधिकारी सुरेश कुमार बंसल, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग ओमप्रकाश किराड़, अधीक्षण अभियंता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग धर्मवीर यादव, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामदयाल, एसीएफ संजय चौधरी, जिला रसद अधिकारी राकेश सोनी, उपनिदेशक सहकारिता विभाग वेद प्रकाश सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिले के सभी उपखंड अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।

Subscribe to my channel


