लखीमपुर खीरी। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर 14 जून 2026 को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के तत्वावधान में लखीमपुर चैरिटेबल ब्लड सेंटर, राजापुर में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व लोजपा (आर) के जिला उपाध्यक्ष एवं 138 विधानसभा निघासन के संभावित प्रत्याशी प्रमोद पाण्डेय ने किया।
जानकारी के अनुसार, शिविर के आयोजन से पूर्व 13 जून को प्रमोद पाण्डेय ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर कार्यक्रम की सूचना दी थी। इसके बाद 14 जून को सुबह 11 बजे से आयोजित रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समाजसेवियों ने भाग लेकर रक्तदान किया।
प्रमोद पाण्डेय ने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे जरूरतमंद लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि समाज सेवा ही राजनीति का मूल उद्देश्य होना चाहिए। शिविर के दौरान रक्तदाताओं को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में मानव सेवा और जागरूकता का संदेश जाता है। रक्तदान शिविर के सफल आयोजन को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है तथा लोगों ने इसे एक सराहनीय सामाजिक पहल बताया है।