उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़शिक्षा

कर्माज्योति टैलेंट हंट का सफलतापूर्वक आयोजन, मेधावी विद्यार्थियों को शत प्रतिशत तक छात्रवृत्ति का मिला अवसर

बस्ती से अभिषेक पाण्डेय

बस्ती। कर्मा देवी समूह द्वारा आयोजित “कर्माज्योति टैलेंट हंट 2026” (स्कॉलरशिप परीक्षा) का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगी परीक्षा में जनपद बस्ती के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ समूह के चेयरमैन (सेवानिवृत्त आई.ए.एस.) ओम नारायण सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। नर्सिंग की छात्राओ ने गीत के माध्यम मेधावियो का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते वक़्त ओम नारायण सिंह ने कहा कि प्रतिभा तभी सार्थक होती है, जब उसे सही दिशा, अवसर और मार्गदर्शन प्राप्त हो। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित ओरिएंटेशन सत्र में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, करियर निर्माण, व्यक्तित्व विकास एवं भविष्य की संभावनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। आयोजकों ने बताया कि कर्माज्योति टैलेंट हंट केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनकी क्षमता के अनुरूप अवसर प्रदान करने का एक सशक्त मंच है।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले आदर्श दुबे, द्वितीय स्थान अमरदीप तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले वैष्णवी को क्रमशः एयर कूलर, मिक्सर जूसर,स्मार्ट वॉच जैसे आकर्षक पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को शत प्रतिशत तक छात्रवृत्ति प्राप्त करने का अवसर प्रदान किया गया। समूह प्रबंधन के अनुसार, इस प्रकार की प्रतियोगी परीक्षाएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, तार्किक सोच, समय प्रबंधन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में सहायक होती हैं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर अभिभावकों ने भी कर्मा देवी समूह की इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर संस्थान के पदाधिकारी, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button