खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
टेंडर नियमों की अनदेखी का आरोप, सड़क चौड़ीकरण कार्य रुकवाने की मांग, नागरिकों ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, कहा- निर्धारित 40 फीट चौड़ाई के बजाय 30-35 फीट तक सीमित किया जा रहा निर्माण

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
तिजारा। तिजारा शहर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण एवं नाला निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय नागरिकों और ग्रामीणों ने गंभीर आपत्ति जताई है। मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी के माध्यम से सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और नगर परिषद द्वारा टेंडर की शर्तों एवं निर्धारित मानकों की अनदेखी कर सड़क और नाले का निर्माण किया जा रहा है, जिससे आमजन के हित प्रभावित हो रहे हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि टोलटैक्स से कृषि उपज मंडी तिजारा तक सड़क एवं नाला निर्माण कार्य स्वीकृत है। टेंडर के अनुसार सड़क के केंद्र बिंदु से दोनों ओर 40-40 फीट तक सड़क एवं नाले का निर्माण किया जाना था। नागरिकों का कहना है कि अहिंसा सर्किल से बिजलीघर तिराहा, बस स्टैंड और पुलिस थाना चौक तक इसी मानक के अनुरूप कार्य किया गया, लेकिन पुलिस थाना चौक से आगे बिजलीघर तिराहा की ओर सड़क चौड़ीकरण का दायरा कम कर दिया गया है। ज्ञापनकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों के दबाव में आकर सड़क की चौड़ाई 40 फीट के स्थान पर 30 से 35 फीट तक सीमित करने का प्रयास किया जा रहा है, जो न केवल टेंडर नियमों के विरुद्ध है बल्कि शहरवासियों के अधिकारों का भी हनन है। उन्होंने यह भी कहा कि बिजलीघर तिराहा से पुलिस थाना चौक तक का मार्ग तिजारा का सबसे व्यस्त यातायात क्षेत्र है। इसी मार्ग पर पंचायत समिति, तहसील परिसर, पोस्ट ऑफिस, विद्युत विभाग और न्यायालय जैसे प्रमुख सरकारी कार्यालय स्थित हैं। ऐसे में यदि सड़क निर्धारित चौड़ाई में विकसित नहीं की गई तो भविष्य में भी यातायात जाम की समस्या बनी रहेगी और सड़क चौड़ीकरण का उद्देश्य पूरा नहीं हो सकेगा।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि टेंडर और स्वीकृत मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य सुनिश्चित कराया जाए तथा बिजलीघर तिराहा से पुलिस थाना चौक तक सड़क की चौड़ाई 40-40 फीट रखते हुए नाला निर्माण कराया जाए, जिससे शहरवासियों और ग्रामीणों को भविष्य में बेहतर यातायात सुविधा मिल सके। ज्ञापन पर विभिन्न नागरिकों एवं ग्रामीण प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर भी दर्ज हैं।

Subscribe to my channel


