उत्तर प्रदेशप्रयागराजब्रेकिंग न्यूज़

गौ माता को कानूनी संरक्षण देने की मांग, हिन्दुत्व को केवल नारों तक सीमित न रखने की अपील

 

प्रयागराज। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के युवा मोर्चा यमुनापार प्रयागराज के जिला अध्यक्ष वासुदेव शुक्ला ने गौ माता के संरक्षण और संवैधानिक सुरक्षा को लेकर सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हिन्दुत्व केवल विचार या नारा नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और मूल्यों की रक्षा का संकल्प है।

वासुदेव शुक्ला ने कहा कि केवल हिन्दुत्व की बातें करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके संरक्षण और सम्मान के लिए प्रभावी कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कई बार ऐसे लोग भी गौ माता के संरक्षण की मांग करते हैं जो अन्य धर्मों से जुड़े होते हैं, जबकि कुछ लोग हिन्दू समाज में जन्म लेने के बावजूद इस विषय पर मौन रहते हैं।

उन्होंने गौवंश की अवैध हत्या और तस्करी पर रोक लगाने के लिए कठोर कानून बनाए जाने की मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार गाय को माता का सम्मान देती है तो उनके संरक्षण के लिए मजबूत कानूनी व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उनका कहना था कि केवल भावनात्मक घोषणाओं से समस्या का समाधान नहीं होगा।

वासुदेव शुक्ला ने कहा कि सरकार हिन्दुत्व और सनातन संस्कृति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की बात करती है, लेकिन गौ माता को संरक्षण देने से जुड़े मुद्दों पर अक्सर स्पष्ट और प्रभावी कदम दिखाई नहीं देते। उन्होंने मांग की कि यदि गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करना संभव नहीं है, तो उन्हें “राष्ट्र माता” का सम्मानजनक दर्जा देकर उनके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए विशेष कानूनी प्रावधान किए जाएं।

उन्होंने कहा कि हिन्दुत्व को राजनीतिक नारों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे समाज की आस्था और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के माध्यम के रूप में आगे बढ़ाया जाना चाहिए। साथ ही गौ माता के सम्मान और संरक्षण के लिए ठोस नीतियां एवं प्रभावी कानून बनाए जाने चाहिए।

— वासुदेव शुक्ला

जिला अध्यक्ष, युवा मोर्चा यमुनापार प्रयागराज

राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button