खेलजम्मू कश्मीरदेशपुंछब्रेकिंग न्यूज़शिक्षा

ईसेन OCR चैंपियनशिप 2026 ट्रायल्स ने सीमा क्षेत्र की छिपी प्रतिभाओं को दिया मंच

ब्यूरो चीफ राजेश कुमार, पुंछ

मेंढर/पुंछ, 1 जून 2026। जिला पुंछ के सीमावर्ती क्षेत्र में खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तहत ईसेन OCR चैंपियनशिप 2026 के ट्रायल्स का सफल आयोजन ब्लॉक मनकोट स्थित सागरा स्टेडियम में किया गया। इस प्रतियोगिता में उपमंडल मेंढर के तीनों ब्लॉकों—मनकोट, मेंढर और बालाकोट—से बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आयोजकों ने बताया कि आकांक्षी ब्लॉक (Aspirational Block) मनकोट को आयोजन स्थल के रूप में चुनने का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं को बड़े खेल मंचों से जोड़ना था। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता, सहनशक्ति, फुर्ती और मानसिक दृढ़ता को परखने के लिए बॉक्स जंप, स्पाइडर क्रॉल, टायर फ्लिप, बर्पीज रेस, तीरंदाजी चुनौती, हर्डल रेस और वॉर्प्ड वॉल जैसी कठिन बाधाओं को शामिल किया गया।
कार्यक्रम में 30 पंजाब रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर अनिल कुमार सम्मल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि एसएचओ मेंढर हबीब पठान विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में कमांडिंग ऑफिसर अनिल कुमार सम्मल ने सीमावर्ती और दूरदराज क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता जैसी व्यवस्था करने के लिए आयोजकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर उन्होंने ईसेन OCR चैंपियनशिप की प्रशासनिक टीम को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके प्रयासों की सराहना की।
वहीं, एसएचओ हबीब पठान ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और खेलों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।
उन्होंने स्वर्ण पदक विजेता मुक्केबाज मोहम्मद यासिर का उदाहरण देते हुए कहा कि क्षेत्र में ऐसे अनेक प्रतिभाशाली युवा मौजूद हैं, जिन्हें केवल सही मंच और मार्गदर्शन की आवश्यकता है। उन्होंने आयोजन समिति के प्रमुख शोएब की भी प्रशंसा की, जिन्होंने सीमावर्ती क्षेत्र में इस बड़े खेल आयोजन की पहल की।
आयोजन समिति ने प्रतियोगिता की सफलता के लिए भारतीय सेना, विशेषकर 30 पंजाब रेजिमेंट, का आभार व्यक्त किया। समिति के अनुसार सेना के सहयोग से सीमित समय में भी कार्यक्रम का सफल संचालन संभव हो सका।
स्थानीय लोगों, खेल प्रेमियों और प्रतिभागियों ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि लंबे समय बाद मनकोट, मेंढर और बालाकोट के युवा एक ही खेल मंच पर एकत्र हुए हैं। प्रतियोगिता में लड़के और लड़कियों के लिए अलग-अलग वर्ग रखकर खेलों में समान अवसर और सहभागिता को बढ़ावा दिया गया।
ट्रायल्स के समापन पर शीर्ष तीन खिलाड़ियों को कुल 7,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। चयनित खिलाड़ी अब जल्द ही जिला पुंछ में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय ग्रैंड फिनाले में हिस्सा लेंगे।
आयोजकों ने बताया कि ग्रैंड फिनाले में 70,000 रुपये की आकर्षक पुरस्कार राशि रखी गई है, जो इसे क्षेत्र की सबसे बड़ी खेल प्रतियोगिताओं में से एक बनाती है।
क्षेत्रवासियों ने इसे पीर पंजाल क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इस आयोजन ने साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी भौगोलिक सीमा की मोहताज नहीं होती। ईसेन OCR चैंपियनशिप 2026 सीमावर्ती क्षेत्र में फिटनेस, एकता, दृढ़ संकल्प और युवा सशक्तिकरण का प्रतीक बनकर उभरी है।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button