खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

कर्मचारियों को जेम पोर्टल का दिया प्रशिक्षण

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

खैरथल-तिजारा, 29 मई। जिला कोष कार्यालय, खैरथल-तिजारा में गुरुवार को जेम (Government e-Marketplace) पोर्टल के संबंध में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जेम पोर्टल के प्रभावी उपयोग तथा ऑनलाइन क्रय प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं दक्ष बनाना रहा।

कार्यक्रम में जिला कोषाधिकारी श्री सुरेश कुमार बंसल ने जेम पोर्टल की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह प्लेटफॉर्म सरकारी खरीद में पारदर्शिता, दक्षता एवं प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि जेम पोर्टल के माध्यम से शासकीय खरीद प्रक्रिया अधिक सरल, त्वरित एवं पारदर्शी बनी है तथा सभी विभागों के कार्मिकों को इसका प्रभावी उपयोग करना चाहिए।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जेम पोर्टल की कार्यप्रणाली, पंजीयन प्रक्रिया, उत्पाद एवं सेवा क्रय प्रक्रिया, निविदा (बिडिंग), अनुबंध प्रबंधन, ऑर्डर प्लेसमेंट तथा भुगतान संबंधी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही पोर्टल के माध्यम से खरीद कार्यों में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं एवं उनके समाधान पर भी चर्चा की गई।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों ने जेम पोर्टल के प्रभावी संचालन एवं शासकीय खरीद प्रक्रिया में इसके उपयोग संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button