खैरथल- तिजाराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

वंदे गंगा अभियान के तहत जिला स्तरीय सीएसआर कार्यशाला आयोजित

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा

 

खैरथल-तिजारा, 28 मई। माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रेरणा से राज्यभर में 25 मई से 5 जून 2026 तक संचालित “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” के अंतर्गत गुरुवार को जिला स्तरीय सीएसआर कार्यशाला का आयोजन अतिरिक्त जिला कलक्टर भिवाड़ी सुमित्रा मिश्र की अध्यक्षता में रिको गेस्ट हाउस, भिवाड़ी में किया गया।

महाप्रबंधक जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र खैरथल-तिजारा अभिनेन्द्र सैनी ने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कार्यशाला के उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जनसहभागिता और औद्योगिक इकाइयों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

अतिरिक्त जिला कलक्टर ने उपस्थित औद्योगिक संगठनों, सीएसआर इकाइयों, उद्यमियों एवं भामाशाहों से जल संरक्षण जैसे पुनीत कार्य में अधिक से अधिक आर्थिक एवं अन्य आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपील की। इस पर विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों ने अभियान में यथासंभव सहयोग देने की सहमति व्यक्त की।

इसके पश्चात जल ग्रहण एवं भू-संरक्षण विभाग के अधिशाषी अभियंता क्षत्रपाल यादव ने मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.2 एवं 2.3 के अंतर्गत किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत जानकारी पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि जिले में गत वर्षों में जल संरक्षण की दिशा में अनेक नवाचार एवं विकास कार्य किए गए हैं। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि गत वर्ष वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत सीएसआर सहयोग राशि प्राप्त करने में जिला खैरथल-तिजारा ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया था, जिसमें कुल 55.83 लाख रुपये का आर्थिक सहयोग विभिन्न औद्योगिक इकाइयों एवं भामाशाहों के माध्यम से प्राप्त हुआ।

कार्यशाला के अंत में सभी उपस्थित जनों को जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम के समापन पर चन्द्रमोहन गुप्ता, महाप्रबंधक जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र भिवाड़ी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button