
राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर, 20 मई। बीकानेर डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट्स एसोसिएशन ने आगामी 20 मई 2026 को प्रस्तावित एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी दवा व्यापार बंद के संबंध में जिला प्रशासन को अग्रिम सूचना देते हुए अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में जिलाधीश को ज्ञापन सौंपा है। एसोसिएशन ने बताया कि यह बंद ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) के आह्वान पर किया जा रहा है, जो देशभर के 12.40 लाख से अधिक केमिस्ट्स एवं वितरकों का प्रतिनिधित्व करता है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष बाबूलाल गहलोत एवं सचिव किशन जोशी ने बताया कि लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान नहीं होने से औषधि व्यापार एवं जनस्वास्थ्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अवैध ई-फार्मेसी संचालन, बड़े कॉरपोरेट्स द्वारा प्रिडेटोरी प्राइसिंग तथा केंद्र सरकार की अधिसूचनाएं G.S.R. 817(E) एवं G.S.R. 220(E) दवा व्यापारियों और छोटे केमिस्ट्स के अस्तित्व के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी हैं।
ज्ञापन में कहा गया कि अनियंत्रित ई-फार्मेसी संचालन से बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं की बिक्री, एंटीबायोटिक्स एवं आदत बनाने वाली दवाओं का दुरुपयोग, नकली प्रिस्क्रिप्शन का इस्तेमाल तथा गलत भंडारण वाली दवाओं का खतरा बढ़ रहा है, जो सीधे तौर पर जनस्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है। वहीं बड़े कॉरपोरेट्स द्वारा भारी छूट देकर बाजार में असंतुलन पैदा किया जा रहा है, जिससे छोटे एवं मध्यम दवा व्यापारियों के सामने आजीविका का संकट उत्पन्न हो गया है।
एसोसिएशन ने कोविड-19 काल में जारी अधिसूचना G.S.R. 220(E) को भी तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि महामारी समाप्त होने के बाद भी इस अधिसूचना का दुरुपयोग हो रहा है तथा ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स नियमों के आवश्यक सुरक्षा प्रावधानों की अनदेखी की जा रही है।
बीकानेर डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट्स एसोसिएशन ने जिला प्रशासन से राज्य एवं केंद्र सरकार स्तर पर हस्तक्षेप कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने, अवैध ई-फार्मेसी पर नियंत्रण लगाने, प्रिडेटोरी मूल्य निर्धारण पर रोक लगाने तथा निष्पक्ष व्यापार व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा एवं लाखों केमिस्ट्स की आजीविका बचाने के उद्देश्य से यह राष्ट्रव्यापी बंद किया जा रहा है और उन्हें उम्मीद है कि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी।

Subscribe to my channel


