उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य
वैशाख माह में संतुलित आहार अपनाकर रखें स्वास्थ्य बेहतर – प्रो. डॉ. नवीन सिंह

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती। वैशाख माह के आगमन के साथ ही मौसम में तेजी से गर्मी बढ़ने लगती है, ऐसे में खान-पान का विशेष ध्यान रखना अत्यंत आवश्यक हो जाता है। इस संबंध में विश्व संवाद परिषद (योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा प्रकोष्ठ) के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. डॉ. नवीन सिंह ने लोगों को मौसम के अनुरूप संतुलित आहार अपनाने की सलाह दी है।
प्रो. सिंह के अनुसार, वैशाख के महीने में शरीर को ठंडक देने वाले एवं पाचन में सहायक खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस मौसम में जौ के आटे की रोटी, सत्तू (जौ और छाछ का मिश्रण), बेल का शरबत, हरी सब्जियां जैसे परवल, टिंडा तथा ताजे मौसमी फल स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं। साथ ही हरा धनिया और हल्का भोजन शरीर को ऊर्जावान बनाए रखने में मदद करता है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरान अधिक मसालेदार, तीखा भोजन, सूखे मेवे, इमली से बनी चीजें तथा बाजार में मिलने वाले बासी खाद्य पदार्थों से परहेज करना चाहिए, क्योंकि ये शरीर में गर्मी बढ़ा सकते हैं और पाचन तंत्र को प्रभावित कर सकते हैं।
प्रो. सिंह ने पारंपरिक मान्यताओं का उल्लेख करते हुए बताया कि भारतीय ऋतुचक्र के अनुसार विभिन्न महीनों में कुछ खाद्य पदार्थों से बचने की सलाह दी जाती रही है, जैसे सावन में हरी पत्तेदार सब्जियां, भाद्रपद में दही, आश्विन में दूध से बनी चीजें और कार्तिक में दालों का सीमित सेवन। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इन मान्यताओं का पालन करते समय व्यक्ति को अपनी शारीरिक आवश्यकताओं और चिकित्सकीय सलाह का भी ध्यान रखना चाहिए।
अंत में उन्होंने कहा कि गर्मी के इस मौसम में पर्याप्त पानी पीना, हल्का और सुपाच्य भोजन करना तथा प्राकृतिक पेय पदार्थों का सेवन करना ही स्वस्थ रहने की कुंजी है।

Subscribe to my channel


