ब्रेकिंग न्यूज़महेंद्रगढ़हरियाणा

मुमुक्षु पलक सुराणा के जैन भागवती दीक्षा उपलक्ष्य में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

नारनौल (हरियाणा)। जैन समाज की युवा मुमुक्षु सुश्री पलक सुराणा के आगामी जैन भागवती दीक्षा महोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन श्री वर्धमान जैन स्थानकवासी संस्थान, श्री गुरु हस्ती कल्याण संस्थान एवं छाजेड़ परिवार सहित विभिन्न संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए संस्थान के मंत्री ओमप्रकाश बांठिया ने बताया कि नारनौल निवासी राजेश कुमार सुराणा एवं श्रीमती त्रिशला देवी सुराणा की सुपुत्री मुमुक्षु पलक सुराणा की दीक्षा 23 अप्रैल को प्रस्तावित है। इस अवसर पर उनके ननिहाल पक्ष छाजेड़ परिवार की ओर से महावीर कॉलोनी स्थित पुज्य कृपा निवास से एक विशाल वरघोड़ा निकाला गया, जो स्थानक भवन पहुंचा।

स्थानक भवन में विराजित ज्ञानगच्छ के पूज्य श्री नरेश मुनि जी महाराज एवं साध्वी वृंद के सानिध्य में गुरु भगवंतों ने संयम जीवन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए मंगल प्रेरणा प्रदान की। इस दौरान मुमुक्षु पलक सुराणा ने अपने भाव व्यक्त करते हुए कहा कि परिवार से प्राप्त संस्कार एवं गुरुजनों के जीवन से प्रेरणा लेकर उन्होंने संयम मार्ग अपनाने का संकल्प लिया है।

संघ अध्यक्ष मोतीलाल हुंडिया के नेतृत्व में मुमुक्षु बहन एवं उनके माता-पिता का सम्मान किया गया। इसके पश्चात द ज्यूरी रिसोर्ट में छाजेड़ परिवार द्वारा विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें श्री जैन रत्न युवक परिषद, श्री जैन रत्न श्राविका मंडल सहित विभिन्न संगठनों ने मुमुक्षु पलक सुराणा का अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में अखिल भारतीय श्री जैन रत्न हितेषी श्रावक संघ के महामंत्री सुभाष गुंदेचा, मुमुक्षु समिति संयोजक अरुण मेहता, श्राविका मंडल अध्यक्ष मनीषा भंसाली सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए दीक्षार्थी के उज्ज्वल आध्यात्मिक जीवन की कामना की।

इस दौरान संस्थान की ओर से प्रमेन्द्र बाफना ने पलक सुराणा का जीवन परिचय प्रस्तुत करते हुए बताया कि उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद वैराग्य भाव का जागरण होना समाज के लिए गौरव की बात है। अभिनंदन पत्र का वाचन मदनराज चोपड़ा द्वारा किया गया तथा संघ के पदाधिकारियों ने मुमुक्षु बहन को सम्मान पत्र भेंट किया।

समारोह में पलक सुराणा के पिता राजेश सुराणा, माता त्रिशला देवी एवं नाना मीठालाल मधुर का भी सम्मान किया गया। छाजेड़ परिवार द्वारा भी मुमुक्षु परिवार का अभिनंदन किया गया।

मुमुक्षु पलक सुराणा ने मंगल पाठ के साथ अपने उद्बोधन में कहा कि संयममय जीवन ही मानव जीवन की सच्ची सार्थकता है, जिससे आत्मा परमात्मा की ओर अग्रसर हो सकती है।

जितेंद्र मधुर ने बताया कि आचार्य भगवंत श्री हीराचंद्र जी महाराज, भावी आचार्य प्रवर श्री महेंद्र मुनि जी महाराज एवं साध्वी प्रमुखा श्री तेजकंवर जी महाराज की आज्ञा से विदुषी साध्वी भाग्य प्रभा जी के सानिध्य में 23 अप्रैल को अशोकनगर, नई दिल्ली में मुमुक्षु पलक सुराणा को जैन भागवती दीक्षा प्रदान की जाएगी।

इस अवसर पर आयोजित भव्य शोभायात्रा में ओसवाल समाज के अध्यक्ष शांतिलाल डागा, खीमराज भंडारी, मदनराज चोपड़ा सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के पदाधिकारी, श्रावक-श्राविकाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button