बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
बालोतरा में स्वामी 108 परमानंद जी महाराज की 24वीं बरसी श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा। स्वामी 108 परमानंद जी महाराज की 24वीं बरसी के अवसर पर विशाल बरसी महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा और समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर अमृत राम महाराज ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि मेघवाल समाज को बरसी महोत्सव के अवसर पर यह संकल्प लेना चाहिए कि वह नशा और अन्य बुरी आदतों से दूर रहेगा तथा अपने बच्चों—बालक एवं बालिकाओं—को उच्च शिक्षा दिलाने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने युवाओं से राजस्थान प्रशासनिक सेवा सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर समाज का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री गोपाराम मेघवाल ने कहा कि समाज को एकजुट होकर शराब जैसी कुरीतियों को जड़ से समाप्त करना होगा। उन्होंने स्वामी परमानंद जी महाराज के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने करीब 30 वर्ष पहले समाज में घर-घर जाकर मृत्यु भोज और बाल विवाह जैसी कुरीतियों के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाया था।
इस अवसर पर पूर्व जिला प्रमुख एवं कांग्रेस कमेटी जिला अध्यक्ष प्रियंका मेघवाल, पूर्व विधायक मदन प्रजापत, रणजीत शिक्षा एवं सेवा संस्थान बालोतरा के उपाध्यक्ष बाबूलाल नामा, महासचिव गोविंद मेघवाल, राजस्थान मेघवाल परिषद के जिला अध्यक्ष भंवरलाल भाटी, नेशनल अवार्डी सालगराम परिहार सहित अनेक गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए और समाज सुधार के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पधारे संत-महात्माओं एवं समाजसेवियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें संत मंगूराम जी (राजसमंद), साध्वी भावना बाई (भीलवाड़ा), रामसुखदास जी (सोजत), भारत राम जी (मारवाड़ जंक्शन), अशोक महाराज (पचपदरा) सहित अन्य संत शामिल रहे।
बरसी महोत्सव में सैकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन बाबूलाल नामा द्वारा किया गया।
समाज में एकता, शिक्षा और नशामुक्ति का संदेश देते हुए यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Subscribe to my channel


