देशबीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
बीकानेर में विश्व उपभोक्ता दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, उपभोक्ता अधिकारों पर दिया गया जोर

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर, 15 मार्च।
विश्व उपभोक्ता दिवस के अवसर पर कंज्यूमर कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडिया (सीसीआई) एवं कंज्यूमर्स एक्शन एंड नेटवर्क सोसाइटी (कैन्स) जिला शाखा बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में भार्गव भवन सभागार में उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपभोक्ता अधिकारों, जागरूकता और संगठित होने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
मुख्य अतिथि सीसीआई नई दिल्ली के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेश के. व्यास ने कहा कि जब तक उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों और कानूनों की जानकारी नहीं होगी, तब तक वे शोषण का शिकार होते रहेंगे। उन्होंने सामाजिक और उपभोक्ता संगठनों से जागरूकता अभियान को और तेज करने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सीसीआई के राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य संतोष पड़िहार ने कहा कि जागरूकता के अभाव में विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ता ठगी और शोषण का सामना कर रहे हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से संगठित होकर उपभोक्ता आंदोलन से जुड़ने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि एवं सीसीआई जिला अध्यक्ष अरुण अग्रवाल ने डिजिटल युग में बढ़ती साइबर ठगी पर चिंता जताते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्क रहने की आवश्यकता है।
कैन्स के जिला प्रभारी भक्तिराम पांडे ने कहा कि उपभोक्ताओं को हमेशा भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के प्रमाणित उत्पाद ही खरीदने चाहिए, जिससे गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
सीसीआई जिला महासचिव ममता सिंह ने बताया कि देशभर में उपभोक्ता संगठनों के प्रयासों से आमजन को न्याय दिलाने में मदद मिल रही है। वहीं प्रदेश सचिव सत्यनारायण शर्मा ने उपभोक्ता आंदोलन को जन आंदोलन बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चेतन दास कोठारी, शांति रामावत, लक्ष्मण पुरोहित, सुधा यादव, जितेंद्र स्वामी, रजनी मेहता, विजय पवार, विनय अग्रवाल, मिलन गहलोत, शिव प्रकाश दाधीच एवं संतोष सुथार सहित कई व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और उपभोक्ता जागरूकता को मजबूत करने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय कवि शिव दाधीच बीकानेरी ने किया, जबकि हुसैन हिंदुस्तानी ने आभार व्यक्त किया।
भक्तिराम पांडे, जिला प्रभारी (कैन्स),

Subscribe to my channel


