बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानशिक्षा
बालोतरा में यूपीएससी में 83वीं रैंक पाने वाले गौरव चोपड़ा का हुआ सम्मान, आचार्य डॉ. लोकेश मुनि के सानिध्य में आयोजित समारोह

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा।
महावीर इंटरनेशनल बालोतरा द्वारा अहिंसा विश्व भारती, विश्व शांति केंद्र के संस्थापक अध्यक्ष आचार्य डॉ. लोकेश मुनि के मंगल सानिध्य में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में 83वीं रैंक हासिल करने वाले गौरव चोपड़ा का सम्मान किया गया।
महावीर सेवा सदन में आयोजित इस समारोह को संबोधित करते हुए आचार्य डॉ. लोकेश मुनि ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से अपनी गुणवत्ता और प्रतिभा से क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए गौरव चोपड़ा बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा में रहते हुए उन्हें उच्च संस्कारों और आदर्शों के साथ मारवाड़ की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए देश की सेवा करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने अहिंसा विश्व भारती एवं विश्व शांति केंद्र द्वारा किए जा रहे विभिन्न सामाजिक और वैश्विक कार्यों की भी जानकारी दी।
तखतगढ़ पीठाधीश्वर युवाचार्य श्री अभयदास जी महाराज ने गौरव चोपड़ा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्र सेवा में अपना योगदान दे। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
महावीर इंटरनेशनल अपेक्स के पूर्व अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीर सीए ओम प्रकाश बांठिया ने महावीर इंटरनेशनल के स्वर्ण जयंती कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि आचार्य डॉ. लोकेश मुनि विश्व स्तर पर शांति का संदेश फैला रहे हैं। उन्होंने हाल ही में पूज्य मुरारी बापू की राम कथा के भव्य आयोजन का उल्लेख करते हुए इसे भारतीय संस्कृति के गौरवशाली इतिहास का महत्वपूर्ण कार्य बताया। उन्होंने कहा कि गौरव चोपड़ा की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और भविष्य में उनके नेतृत्व से आम जनता को प्रशासनिक सेवाओं का लाभ मिलेगा।
सम्मानित होने के बाद गौरव चोपड़ा ने कहा कि उन्होंने परिवार से मिले संस्कारों और लक्ष्य के प्रति समर्पण भाव से मेहनत कर यह सफलता प्राप्त की है। उन्होंने भविष्य में भी राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के कार्यों को पूरी निष्ठा के साथ करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में नगर परिषद की पूर्व सभापति प्रभा सिंघवी और पारसमल भंडारी ने भी अपने शुभकामना संदेश देते हुए गौरव चोपड़ा को बधाई दी और महावीर इंटरनेशनल भवन में ऐसे महापुरुषों के आगमन पर हर्ष व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान आरोग्यपीठ दिल्ली के संस्थापक आचार्य श्री रामगोपाल दीक्षित तथा रिलिजियस ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष भव्य श्री वास्तव का भी सम्मान किया गया। इसके अलावा गौरव चोपड़ा के पिता मुकेश जी और दादाजी नेमीचंद चोपड़ा का भी सम्मान किया गया।
समारोह में केंद्र अध्यक्ष जवाहरलाल हुडिया ने स्वागत भाषण दिया, जबकि सचिव अशोक व्यास ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जॉन चेयरमैन महेंद्र चोपड़ा, गवर्निंग सदस्य जवेरीलाल मेहता, यूसुफ भाई भांतगर, रमेश त्रिवेदी, धर्मेंद्र दवे, कैलाश गर्ग, कोषाध्यक्ष महावीर बोकाडिया, हीरालाल प्रजापत, भंवरलाल भंडारी, मदनराज जीरावला, नरेश जी सहित बड़ी संख्या में सदस्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


