बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

जसोल में होली के रामासामा पर अणुव्रत समिति ने किया राजपरिवार का सम्मान, नशा मुक्त युवा अभियान को दी गति

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

जसोल, 03 मार्च 2026।

होली के पावन अवसर पर आयोजित रामासामा कार्यक्रम के दौरान अणुव्रत समिति जसोल ने क्षेत्र में नैतिक मूल्यों और नशा मुक्ति के संदेश को आगे बढ़ाते हुए जसोल राजघराने के रावल श्री किशन सिंह एवं युवाओं में लोकप्रिय कुंवर हरीश चंद्र सिंह को वर्ष 2026 का अणुव्रत कैलेंडर एवं अणुव्रत दुपट्टा भेंट कर भरी सभा में सम्मानित किया।

समिति द्वारा वर्ष 2026 के अणुव्रत कैलेंडर को क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों तक पहुंचाने की विशेष पहल की जा रही है। इसका उद्देश्य “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” अभियान को गति देना और समाज में नैतिकता, संयम एवं सद्भाव के मूल्यों को मजबूत करना है। इसी कड़ी में होली पर्व पर रामासामा के अवसर को सामाजिक जागरूकता के मंच के रूप में उपयोग किया गया।

इस दौरान कुंवर हरीश चंद्र सिंह को भाजपा राजस्थान कमेटी का सदस्य मनोनीत किए जाने तथा मानवेन्द्र सिंह को विशेष सलाहकार नियुक्त किए जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनका स्वागत किया गया। जसोल में गैर रावले आगमन पर भी उनका अभिनंदन किया गया और गैर के साथ गेरिया बनकर सभी ने उत्सव की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम में अणुव्रत समिति के अध्यक्ष श्री महावीर चंद सालेचा एवं परामर्शदाता श्री ईश्वर सिंह इन्दा ने राजपरिवार को अणुव्रत दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया। उपस्थित युवाओं को नशा नहीं करने का संकल्प दिलाया गया तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर अन्य समाजों के साथ मुस्लिम समाज के जनाब पिरू खान मोयला, शौकत खान, निशार खान, अकरम खान पठान, फकरुदीन, यासीन खान, निजामुद्दीन, बाबू खान मोयला सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने होली का रामासामा करते हुए आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत बनाए रखने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

होली के रंगों के बीच सामाजिक समरसता, नैतिक जागरूकता और नशा मुक्ति का संदेश देकर अणुव्रत समिति जसोल ने क्षेत्र में एक सकारात्मक पहल प्रस्तुत की है।

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button