बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
बीकानेर रोडवेज बस स्टैंड पर भटके व्यक्ति को टीम ने सुरक्षित रखा, परिवार से संपर्क करवाई मदद

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर, 19 फरवरी 2026।
बीकानेर रोडवेज बस स्टैंड पर भटके एक लगभग 40 वर्षीय व्यक्ति को सामाजिक संस्था टीम सावधान इंडिया 077 और रोडवेज स्टाफ की मदद से सुरक्षित रखा गया तथा उसके परिवार से संपर्क स्थापित किया गया।
बताया गया कि यह व्यक्ति गुजरात के वलसाड से भटककर बीकानेर रोडवेज बस स्टैंड पहुंच गया था। वह आंशिक रूप से मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है और उसके एक पैर में चोट भी थी। वह अपने परिवार का नाम सही से नहीं बता पा रहा था, लेकिन खुद को वलसाड का निवासी बता रहा था।
टीम सावधान इंडिया 077 के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन डॉ. ठाकुर दिनेश सिंह भदौरिया ने उसकी जेब में मिले दवाई के पैकेट पर लगे मेडिकल स्टोर के स्टिकर से सुराग निकालकर गुजरात में उसके रिश्तेदारों तक सूचना पहुंचाई। इसके बाद परिजनों से संपर्क हो गया। जानकारी के अनुसार परिजन अहमदाबाद से रेल मार्ग से बीकानेर पहुंचने की तैयारी में हैं।
इस बीच रोडवेज बस स्टैंड की कैंटीन स्टाफ, रोडवेज कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से उस व्यक्ति को सुरक्षित आश्रय दिया गया है। साथ ही पूरे मामले की सूचना राजस्थान पुलिस के बीछवाल थाना अधिकारी रिछपाल सिंह को भी दे दी गई है।
टीम सावधान इंडिया 077 पिछले कई वर्षों से राजस्थान सहित देश के कई शहरों में लावारिस और गुमशुदा लोगों को उनके परिवार से मिलाने का काम कर रही है। संस्था के इस त्वरित प्रयास की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

Subscribe to my channel


