उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
बस्ती में विधिक सहायता प्री-कैम्प आयोजित, 22 फरवरी को मेगा शिविर में मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 18 फरवरी 2026।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार तथा माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बस्ती के अध्यक्ष शमसुल हक के मार्गदर्शन में विकास खण्ड बनकटी में विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का प्री-कैम्प आयोजित किया गया।
प्री-कैम्प के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती के सचिव राज बाबू ने बताया कि 22 फरवरी 2026 को अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह (बस्ती क्लब) में एक मेगा/वृहद विधिक सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा। इस मेगा शिविर में जिले के सभी सरकारी विभागों के समन्वय से निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लोगों के लिए जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया जाएगा।
सचिव राज बाबू ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर वर्ग, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगजनों को कानूनी रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें न्याय और सरकारी योजनाओं तक आसानी से पहुंच उपलब्ध कराना है। मेगा शिविर से पहले जनपद की सभी तहसीलों और विकास खंडों में लघु प्री-कैम्प आयोजित कर पात्र लाभार्थियों की पहचान की जा रही है, ताकि 22 फरवरी को उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।
उन्होंने बताया कि मीडिया और पराविधिक स्वयं सेवकों (अधिकार मित्रों) के माध्यम से लोगों को शिविर में भाग लेने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के डिप्टी कमिश्नर, नायब तहसीलदार, खण्ड विकास अधिकारी बनकटी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel


