उत्तर प्रदेशगोरखपुरब्रेकिंग न्यूज़शिक्षा
पूर्वांचल में 10 दिवसीय निःशुल्क विज्ञान जनजागरण अभियान सम्पन्न, 5000 विद्यार्थियों ने लिया भाग

वेदान्त सिंह की रिपोर्ट
गोरखपुर। डे एंड नाईट स्पेस फाउंडेशन, गोरखपुर द्वारा 02 से 12 फरवरी 2026 तक 10 दिवसीय निःशुल्क विज्ञान जनजागरण अभियान का सफल आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत हैंड्स-ऑन साइंस एक्टिविटी, वैज्ञानिक व्याख्यान तथा दूरबीनों के माध्यम से आकाश दर्शन कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों और शिक्षकों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। कार्यक्रमों का उद्देश्य विज्ञान को सरल, रोचक और व्यवहारिक रूप में समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना तथा विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और तार्किक दृष्टिकोण विकसित करना रहा।
यह अभियान गोरखपुर के साथ-साथ कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज, संतकबीर नगर, बस्ती एवं सिद्धार्थनगर जनपदों में आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 5000 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शुभारंभ कुशीनगर स्थित महात्मा बुद्ध के महापरिनिर्वाण स्थल से हुआ तथा समापन सिद्धार्थनगर के कंपोजिट विद्यालय लेदवा में किया गया। अभियान के दौरान विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों में विज्ञान प्रयोग, खगोल अवलोकन और संवाद सत्र आयोजित हुए।
कार्यक्रम में श्री चंद्रमौली जोशी, श्रीमती चित्रा सिंह ‘अंतरिक्ष देवी’, खगोलविद अमर पाल सिंह, सीईओ राहुल व्यास, खगोल-भौतिकविद संतोष कुमार तथा गणितज्ञ डॉ. अनूप कुमार सिंह सहित कई विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को जिज्ञासा, नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा दी। फाउंडेशन की संस्थापक श्रीमती प्रिया यादव ने बताया कि सभी कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क आयोजित किए गए, ताकि विज्ञान जन-जन तक पहुंचे। भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। इच्छुक संस्थाएं 8114181543 पर संपर्क कर सकती हैं।

Subscribe to my channel


