बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान
सड़क सुरक्षा जागरूकता ऑटो व ई-रिक्शा वाहन रैली का आयोजन
वाहन चालकों को दिया गया प्रशिक्षण, वाहनों पर लगाए गए रेडियम

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा, 27 जनवरी। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जिला परिवहन विभाग द्वारा निरंतर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता ऑटो एवं ई-रिक्शा वाहन रैली का आयोजन किया गया।
जिला परिवहन अधिकारी भगवान गहलोत ने बताया कि विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार जिला परिवहन कार्यालय परिसर से ऑटो व ई-रिक्शा वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रैली कार्यालय से प्रारंभ होकर बालोतरा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए छतरियों के मोर्चा तक पहुँची। रैली के दौरान ऑडियो संदेशों एवं पोस्टरों के माध्यम से आमजन और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा अभियान के तहत परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीमों द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार्यशालाओं का आयोजन कर वाहन चालकों को यातायात नियमों, सुरक्षित ड्राइविंग और दुर्घटना से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही वाहनों पर रिफ्लेक्टर एवं रेडियम लगाए गए, जिससे रात्रि के समय दृश्यता बढ़े और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
इस दौरान वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा, ओवरलोडिंग न करने एवं यातायात संकेतों का पालन करने की समझाइश भी दी गई।
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि सड़क सुरक्षा अभियान में विभिन्न हितधारक विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं, ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा अभियान आगे भी अनवरत जारी रहेगा, जिससे सुरक्षित यातायात व्यवस्था को मजबूत किया जा सके और जनहानि को रोका जा सके।


Subscribe to my channel


