उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 भरते समय बरतें सावधानी, दोहरे आवेदन से बचने की अपील

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 10 नवंबर 2026। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली में नाम शामिल कराने के लिए पात्र नागरिकों द्वारा ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। हालांकि, ऑनलाइन आवेदन के दौरान मोबाइल पर रेफरेंस नंबर प्राप्त न होने की स्थिति में दोबारा फार्म-6 भरने से एक ही व्यक्ति के नाम की एक से अधिक प्रविष्टियां दर्ज हो रही हैं। इस समस्या को रोकने के लिए निर्वाचन विभाग ने जन सुविधा केंद्र संचालकों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने बताया कि फार्म-6 भरते समय आवेदक अथवा उसके किसी संबंधी का मोबाइल नंबर दर्ज किया जा सकता है। आवेदन में दर्ज मोबाइल नंबर EPIC ID के साथ लिंक होता है। फार्म का अंतिम सबमिशन आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से ई-साइन करने के बाद ही पूरा होता है। ई-साइन सफल होने पर आवेदन का रेफरेंस नंबर जनरेट हो जाता है।
उन्होंने बताया कि फार्म सफलतापूर्वक जमा होने पर स्क्रीन पर आवेदन प्राप्त होने का मैसेज भी प्रदर्शित होता है। आवेदन में दर्ज मोबाइल नंबर और आधार से लिंक मोबाइल नंबर अलग-अलग हो सकते हैं। रेफरेंस नंबर उसी मोबाइल नंबर पर भेजा जाता है, जो फार्म-6 में दर्ज किया गया है।
जन सुविधा केंद्र संचालक सही मोबाइल नंबर ही दर्ज करें
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिया कि यदि जन सुविधा केंद्र के माध्यम से किसी आवेदक का फार्म भरा जा रहा है तो उसमें आवेदक का वास्तविक और सक्रिय मोबाइल नंबर ही दर्ज किया जाए। संचालक अपना मोबाइल नंबर अथवा कोई काल्पनिक या गलत नंबर दर्ज न करें।
उन्होंने कहा कि कई बार नेटवर्क की समस्या के कारण मोबाइल पर रेफरेंस नंबर का मैसेज प्राप्त नहीं होता है। ऐसी स्थिति में ई-साइन के बाद स्क्रीन पर प्रदर्शित रेफरेंस नंबर का स्क्रीनशॉट लेकर अथवा उसे नोट करके आवेदक को उपलब्ध कराया जाए, ताकि दोबारा आवेदन करने की जरूरत न पड़े। इसी रेफरेंस नंबर से आवेदक भविष्य में अपने आवेदन की स्थिति भी देख सकता है।
मतदाता पहचान पत्र के लिए पूरा पता और सही पिन कोड जरूरी
उन्होंने बताया कि मतदाता फोटो पहचान पत्र डाक विभाग द्वारा स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजा जाता है। फार्म में अधूरा पता या गलत पिन कोड दर्ज होने पर पहचान पत्र वापस हो सकता है। इसलिए फार्म-6 भरते समय आवेदक अपने निवास का पूरा और सही पता पिन कोड सहित दर्ज कराएं।
उन्होंने कहा कि आवेदन जमा होने की पुष्टि रेफरेंस नंबर सहित रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर प्राप्त होती है। यदि आवेदन में पता, फोटो, आयु प्रमाणपत्र अथवा अन्य दस्तावेजों की कमी होती है तो इसी मोबाइल नंबर पर आवेदक को सूचना दी जा सकती है। इसके अलावा रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर की सहायता से मतदाता अपना e-EPIC भी डाउनलोड कर सकते हैं।
मोबाइल नंबर से भी प्राप्त कर सकते हैं मतदाता संबंधी जानकारी
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता पहचान पत्र संख्या याद न होने पर भी नागरिक अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर के माध्यम से निर्वाचन आयोग के नागरिक सेवा पोर्टल voters.eci.gov.in अथवा ECINET मोबाइल ऐप पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र, मतदेय स्थल और बूथ लेवल अधिकारी (BLO) से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने सभी बूथ लेवल अधिकारियों, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी आवेदक के फार्म-6 की एक से अधिक प्रविष्टि न होने पाए। इस संबंध में जन सुविधा केंद्र संचालकों को भी निर्धारित एसओपी के अनुसार प्रशिक्षित करने और आवश्यक दिशा-निर्देश देने को कहा गया है।
उन्होंने बताया कि जनपद में जन सुविधा केंद्रों के संचालकों के कार्यों की समीक्षा के लिए अपर जिलाधिकारी एवं ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर की सहभागिता वाली डिस्ट्रिक्ट ई-गवर्नेंस सोसाइटी कमेटी गठित है।
Subscribe to my channel


