बीकानेरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानशिक्षा
बीकानेर गोल्डन आर्ट अकादमी में विद्यार्थियों ने सीखी सुनहरी कलम की कला
उस्ता कला की पारंपरिक तकनीक, इतिहास और संरक्षण की संभावनाओं से रूबरू हुए विद्यार्थी

राजस्थान हेड डॉ राम दयाल भाटी
बीकानेर। बीकानेर की समृद्ध कला-विरासत की पारंपरिक सुनहरी कलम यानी उस्ता कला को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में बीकानेर गोल्डन आर्ट अकादमी लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में पं. दीनदयाल उपाध्याय टी.टी. कॉलेज, बीकानेर के विद्यार्थियों ने अकादमी पहुंचकर उस्ता कला के संबंध में जानकारी प्राप्त की और एक दिवसीय कला प्रशिक्षण में हिस्सा लिया।
चित्रकार राम कुमार भादाणी के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को बीकानेर की सुनहरी कलम (उस्ता कला) की पारंपरिक तकनीक, इसके इतिहास, सुनहरी कलम के प्रयोग तथा वर्तमान समय में इस कला के संरक्षण की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में जागृति भोजक, ममता भादाणी, नन्दिनी व्यास, साक्षी भादाणी, काजल सुथार, राधा सुथार एवं नन्दनी व्यास सहित अन्य विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर चित्रकार राम कुमार भादाणी ने विद्यार्थियों को उस्ता कला की बारीकियों से परिचित कराते हुए कहा कि यह महज चित्र बनाने की तकनीक नहीं है, बल्कि बीकानेर की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और पीढ़ियों से चली आ रही कलात्मक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
भादाणी पिछले दो दशकों से अधिक समय से सुनहरी कलम और उस्ता कला पर निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने पारंपरिक कला को वर्तमान समय की आवश्यकताओं से जोड़ते हुए नई पीढ़ी को इस कला से परिचित कराने का प्रयास किया है।
बीकानेर गोल्डन आर्ट अकादमी के माध्यम से विद्यार्थियों को पारंपरिक कला सीखने के साथ-साथ बीकानेर की कला-संस्कृति और उसकी ऐतिहासिक विरासत को समझने का अवसर मिल रहा है। भादाणी का मानना है कि किसी भी पारंपरिक कला को जीवित रखने का सबसे प्रभावी माध्यम उसे नई पीढ़ी को सिखाना और उसके प्रति रुचि पैदा करना है।
इसी उद्देश्य से अकादमी में कला प्रशिक्षण के साथ-साथ बीकानेर की पारंपरिक कला-विधाओं के संरक्षण और उनके प्रचार-प्रसार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विद्यार्थियों को सुनहरी कलम की बारीकियों से परिचित कराने की यह पहल बीकानेर की गौरवशाली कला-संस्कृति को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Subscribe to my channel


