ब्रेकिंग न्यूज़भिवाड़ीराजस्थान
निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर में 212 बच्चों का हुआ चेकअप, 12 बच्चों को तत्काल उपचार की आवश्यकता

ब्यूरो चीफ मुकेश कुमार शर्मा
भिवाड़ी। भारत विकास परिषद्, भिवाड़ी शाखा द्वारा नरूला डेंटल हॉस्पिटल, टपूकड़ा के सहयोग से राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जोडिया मेव में बच्चों के लिए निःशुल्क दंत चिकित्सा जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 212 बच्चों के दांतों की जांच की गई।
जांच के दौरान 12 बच्चों को तत्काल दंत चिकित्सकीय उपचार की आवश्यकता पाई गई। इन बच्चों के उपचार में जो भी समाजसेवी, संस्था या व्यक्ति सहयोग करना चाहता है, वह भारत विकास परिषद् के माध्यम से आगे आकर सहयोग कर सकता है। परिषद् का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है।
यह कार्यक्रम डॉ. मुकेश कुमार जी की पहल पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत विकास परिषद्, भिवाड़ी के अध्यक्ष श्री विमल पंडित द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं तिलक लगाकर किया गया। इस अवसर पर डॉ. मुकेश कुमार, सचिव भारत विकास परिषद्, डॉ. दिनेश नरूला, विद्यालय के अध्यापकगण एवं गांव के गणमान्य एवं मौजिज लोग उपस्थित रहे।
डॉ. मुकेश कुमार ने बच्चों को दांतों की सुरक्षा एवं स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से दांतों की सफाई करने, सही तरीके से ब्रश करने तथा दांतों को स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में बताया।
शिविर के दौरान बच्चों को निःशुल्क दवाइयां, टूथब्रश एवं टूथपेस्ट भी वितरित किए गए, ताकि वे दांतों की नियमित देखभाल कर सकें।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्री विमल पंडित ने डेंटल केयर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दांत हमारे स्वास्थ्य की प्रथम सीढ़ी हैं। हम जो भी भोजन करते हैं, उसका सीधा प्रभाव हमारे स्वास्थ्य पर पड़ता है। इसलिए दांतों का स्वस्थ और स्वच्छ रहना अत्यंत आवश्यक है। यदि हम स्वस्थ रहेंगे, तो हमारा परिवार स्वस्थ रहेगा, समाज स्वस्थ रहेगा और हमारा देश भी स्वस्थ एवं समृद्ध बनेगा।
भारत विकास परिषद् द्वारा आयोजित इस शिविर का उद्देश्य बच्चों में छोटी उम्र से ही स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करना तथा जरूरतमंद बच्चों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना रहा।
परिषद् ने अपील की कि जिन 12 बच्चों को तत्काल उपचार की आवश्यकता है, उनके उपचार में सहयोग करने के इच्छुक समाजसेवी एवं भामाशाह आगे आएं, ताकि इन बच्चों को समय पर आवश्यक दंत चिकित्सा उपलब्ध कराई जा सके।

Subscribe to my channel


