उत्तराखंडदेशधर्मब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिरूद्रपुर

रामलीला मंचन और दशहरा मेले में व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखेगा नगर निगम: विकास शर्मा, श्रीराम लीला कमेटी के पदाधिकारियों ने महापौर से की मुलाकात,इस बार भी गांधी पार्क में होगा दशहरा मेले का आयोजन 

Municipal Corporation will ensure foolproof arrangements for Ramlila staging and Dussehra fair: Vikas Sharma, officials of Shri Ram Leela Committee met the Mayor, this time too Dussehra fair will be organised in Gandhi Park.

ब्यूरो रिपोर्ट… अनीता पाल

रुद्रपुर। शहर की प्रमुख श्रीराम लीला कमेटी के पदाधिकारियों ने महापौर विकास शर्मा से उनके कैम्प कार्यालय में मुलाकात कर आगामी रामलीला मंचन एवं दशहरा मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। कमेटी पदाधिकारियों ने धार्मिक आयोजनों को भव्य और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर निगम से सहयोग का आग्रह किया। इस दौरान दशहरा पर्व पर गांधी पार्क उपलब्ध कराने सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर महापौर को ज्ञापन भी सौंपा गया। महापौर ने रामलीला मंचन से लेकर दशहरा आयोजन तक नगर निगम की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

कमेटी पदाधिकारियों ने महापौर को अवगत कराया कि शहर की सबसे प्रमुख और पुरानी रामलीलाओं में शामिल श्रीराम लीला का मंचन इस बार भी रोडवेज स्टेशन के सामने स्थित रामलीला मैदान में धूमधाम से किया जाएगा। वर्षों से यहां आयोजित होने वाली रामलीला को देखने के लिए शहर के साथ ही आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके बाद विजयादशमी पर्व पर गांधी पार्क में परंपरागत रूप से दशहरा मेला आयोजित किया जाएगा। कमेटी ने इस वर्ष भी गांधी पार्क को आयोजन के लिए उपलब्ध कराने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि विजयादशमी का पर्व 20 अक्टूबर 2026, मंगलवार को मनाया जाएगा। श्रीराम लीला कमेटी के तत्वावधान में शाम चार बजे से गांधी पार्क में दशहरा उत्सव आयोजित होगा, जिसमें बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक के रूप में रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। कमेटी ने आयोजन की तैयारियों के लिए 15 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक गांधी पार्क निशुल्क उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।

कमेटी पदाधिकारियों ने आयोजन स्थल पर पेयजल, सफाई और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने के साथ गांधी पार्क के अंदर खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने और पार्क के बाहर सड़क के दोनों ओर चूने से लाइनिंग कराने की मांग भी महापौर के समक्ष रखी। पदाधिकारियों ने कहा कि दशहरा मेले में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण नगर निगम की व्यवस्थाएं आयोजन को सुचारु बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

महापौर ने कहां कि गांधी पार्क के सौंदर्य करण का कार्य चल रहा है लेकिन दशहरा मेले के आयोजन को देखते हुए 15 अक्टूबर तक गांधी पार्क को मेल के आयोजन के लिए खाली कर लिया जाएगा।

उन्होंने इसके लिए कार्यदाई संस्था के ठेकेदार से भी दूरभाष पर वार्ता की और 15 अक्टूबर तक गांधी पार्क को मेले के लिए खाली करने के निर्देश दिए

महापौर विकास शर्मा ने कमेटी पदाधिकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि रामलीला मंचन और दशहरा उत्सव हमारी सनातन संस्कृति, आस्था और परंपराओं के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। इनके आयोजन में व्यवस्थाओं के स्तर पर किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। नगर निगम अपने स्तर से सफाई, प्रकाश, पेयजल सहित आवश्यक व्यवस्थाओं में पूरा सहयोग करेगा।

महापौर ने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, सत्य और धर्म का संदेश नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी है। वहीं विजयादशमी का पर्व समाज को यह संदेश देता है कि असत्य और अधर्म कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है। हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को भव्यता के साथ आगे बढ़ाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए नगर निगम की ओर से शहर के मंदिरों एवं प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के साथ प्रकाश व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित कराई जाएंगी।

इस दौरान श्रीराम लीला कमेटी के अध्यक्ष मनोज गाबा, महामंत्री सुशील गाबा, कोषाध्यक्ष सीए अमित गंभीर, समन्वयक राजेश छाबड़ा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश शर्मा, उपाध्यक्ष देवी शंकर अग्रवाल, विजय अरोरा, हरीश अरोरा, महावीर आजाद, सचिव अमित अरोरा बॉबी, राकेश सुखीजा, अशोक गुम्बर तथा डायरेक्टर सुभाष खंडेलवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Anita Pal

Related Articles

Back to top button