उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़
नहरों में रिसाव व अवैध कट पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश, किसानों की समस्याओं का शीघ्र हो निस्तारण

बस्ती से वेदान्त सिंह
बस्ती, 8 सितंबर 2026। सिंचाई बंधु की बैठक मंगलवार को विकास भवन सभागार में उपाध्यक्ष गजेन्द्र मणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में नहरों में जल प्रवाह, सिंचाई व्यवस्था, नलकूपों की स्थिति और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष गजेन्द्र मणि त्रिपाठी ने कहा कि लगातार हो रही वर्षा के कारण जनपद में संचालित नहरों में जल उफान की स्थिति उत्पन्न हो रही है। ऐसे में नहरों में होने वाले रिसाव और अवैध कटों को तत्परता से बंद कराया जाए, ताकि सिंचाई के पानी का अनावश्यक बहाव न हो और किसानों को पर्याप्त जल उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने सरयू नहर खण्ड-4, बस्ती के अधिशासी अभियंता/नोडल को निर्देशित किया कि सभी संबंधित खण्डों के अभियंता अपनी-अपनी नहरों की सतर्कतापूर्वक निगरानी करें। साथ ही किसानों से प्राप्त होने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
93 टेल तक पहुंचाया गया पानी
अधिशासी अभियंता/नोडल दिनेश मोहन ने बताया कि सरयू नहर खण्ड-4 के अंतर्गत संतकबीरनगर में 1050 क्यूसेक तथा बस्ती में 430 क्यूसेक पानी पहुंचाया गया है। कुल 93 टेल तक पानी पूरी तरह उपलब्ध कराया गया है।
विधायक प्रतिनिधि रुधौली कुलदीप मौर्य ने सूरतगढ़ और शुमाली माइनर में पानी नहीं पहुंचने का मुद्दा उठाते हुए स्थिति की जानकारी मांगी। इस पर अधिशासी अभियंता/नोडल ने बताया कि सहायक अभियंता के निर्देशन में गठित टीम द्वारा 10 सितंबर को दोनों माइनरों का निरीक्षण किया जाएगा तथा समस्या का तत्काल समाधान कराया जाएगा।
659 नलकूप वर्तमान में संचालित
विधायक प्रतिनिधि कप्तानगंज गुलाबचंद सोनकर ने अधिशासी अभियंता नलकूप के बैठक में स्वयं उपस्थित न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में परियोजनाओं पर किए गए व्यय की जानकारी एवं सूची उपलब्ध कराने की मांग की।
बैठक में मौजूद सहायक अभियंता नलकूप ने उक्त सूची शीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। बताया गया कि जनपद में कुल 668 नलकूपों में से 5 नलकूप यांत्रिक दोष तथा 4 नलकूप विद्युत दोष के कारण बंद हैं। वर्तमान में 659 नलकूप संचालित हैं और बंद नलकूपों को जल्द चालू कराने की कार्रवाई की जा रही है।
किसानों के लिए बीज की ऑनलाइन बुकिंग शुरू
उप निदेशक कृषि अशोक कुमार ने बताया कि किसानों को तोरिया, चना, गेहूं और मटर के बीज उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी गई है। किसान ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से 30 सितंबर तक पंजीकरण करा सकते हैं। लक्ष्य के अनुसार पात्र किसानों को सब्सिडी पर बीज वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा निर्धारित शुल्क पर भी पर्याप्त मात्रा में बीज उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. बाबूराम मौर्य ने बताया कि जनपद में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है और वर्तमान में किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि कृषि यंत्रों पर 10,000 रुपये तक के कृषि यंत्र 50 प्रतिशत शासकीय अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
बैठक का संचालन सहायक अभियंता सरयू नहर खण्ड-4 विजय कुमार आर्य ने किया।
इस अवसर पर सदर विधायक के प्रतिनिधि मो. सलीम, परियोजना निदेशक आनन्द कुमार गुप्ता, वन विभाग के रेंजर शकील अहमद, दुर्गेश श्रीवास्तव सहित विद्युत विभाग, भूगर्भ जल, गन्ना विभाग और बाढ़ खण्ड से संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe to my channel


