उत्तर प्रदेशबस्तीब्रेकिंग न्यूज़रोज़गारशिक्षा

बस्ती में 23 अगस्त को होगी सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा की मुख्य परीक्षा, 17 केंद्रों पर 6192 अभ्यर्थी होंगे शामिल

सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट की बैठक में डीएम ने दिए नकलविहीन एवं पारदर्शी परीक्षा कराने के निर्देश

बस्ती से वेदान्त सिंह

 

बस्ती, 21 अगस्त 2026। सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (स्नातक स्तरीय) मुख्य परीक्षा (प्रा०अ०प०-2025)/08 की लिखित परीक्षा को सकुशल एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने की।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूरी शुचिता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाए। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल अथवा अनुचित साधन के प्रयोग पर प्रभावी रोक सुनिश्चित की जाए और सभी परीक्षा केंद्रों पर आयोग द्वारा निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए।

उन्होंने सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का समय से निरीक्षण कर प्रवेश, अभ्यर्थियों की जांच, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश, शौचालय सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच कर लें। परीक्षा के दौरान भी केंद्रों पर सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी होनी चाहिए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

बैठक में बताया गया कि 23 अगस्त 2026, रविवार को पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (स्नातक स्तरीय) मुख्य परीक्षा की लिखित परीक्षा आयोजित होगी। जनपद में परीक्षा के लिए 17 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 6192 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

परीक्षा के सफल संचालन के लिए सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को उनके दायित्वों की जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता एवं गरिमा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को नकलविहीन, निर्विवाद एवं सकुशल संपन्न कराना सुनिश्चित करें।

किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई करते हुए उच्चाधिकारियों को सूचना देने के निर्देश भी दिए गए। अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकान्त ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, मुख्य कोषाधिकारी अशोक कुमार प्रजापति, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी तथा सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Vedant Singh

Vedant Singh S/O Dr. Naveen Singh Mo. Belwadandi Po. Gandhi Nagar Basti Pin . 272001 Mob 8400883291 BG . O Positive vsvedant12345@gmail.com

Related Articles

Back to top button