बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

बालोतरा की सीवरेज व्यवस्था सुधारने को लेकर मदन राज चोपड़ा ने रखे सुझाव, 29 करोड़ की योजना में कॉलोनियों को शामिल करने की मांग

बैठक में चौपड़ा ने जिला कलेक्टर के समक्ष रखे सीवरेज सुधार के सुझाव

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग

 

बालोतरा। रूडिप (RUDIP) द्वारा 11 अगस्त को आयोजित बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं नगर परिषद के पूर्व प्रतिपक्ष नेता मदन राज चोपड़ा ने बालोतरा शहर की सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने और आगामी परियोजनाओं में आवश्यक क्षेत्रों को शामिल करने को लेकर जिला कलेक्टर के समक्ष विभिन्न सुझाव रखे।

चोपड़ा ने बताया कि पूर्व में चल रहे रूडिप के कार्य में करीब 65 से 70 प्रतिशत बजट खर्च होने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने सुझाव दिया कि शेष बजट से वार्ड संख्या 1, 45, 44, 43, 40 और 42 के अलावा उन क्षेत्रों को भी परियोजना में शामिल किया जाए, जहां मामूली कार्य शेष है। उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों को जोड़ने का प्रस्ताव विधायक द्वारा पूर्व में भेजा जा चुका है।

उन्होंने वर्तमान में बालोतरा क्षेत्र के लिए आवंटित 29 करोड़ रुपये के बजट में जसोल से हाउसिंग बोर्ड तक की सभी कॉलोनियों सहित हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र को शामिल करने की मांग की। साथ ही भविष्य की जरूरतों को देखते हुए इसी क्षेत्र में एसटीपी प्लांट स्थापित करने का सुझाव दिया।

चोपड़ा ने शहर में पुरानी और नई सीवरेज लाइनों के लेवल में अंतर के कारण कई स्थानों पर पानी भरने की समस्या का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने गांधीपुरा, विमलनाथ कॉलोनी और अग्रवाल कॉलोनी सहित अन्य क्षेत्रों में आ रही समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग की।

उन्होंने बताया कि शहर में पूर्व में निर्मित सीवरेज एसटीपी प्लांट वर्तमान में प्रभावी रूप से कार्य नहीं कर रहा है। उन्होंने प्लांट को अपग्रेड कर वहां से उपचारित पानी को कारखानों एवं भवन निर्माण कार्यों में उपयोग करने तथा इसे भी वर्तमान परियोजना में शामिल करने का सुझाव दिया।

इसके अलावा कई स्थानों पर पुरानी मुख्य सीवरेज लाइन के पाइप क्षतिग्रस्त होकर धंस जाने से बस्तियों में जलभराव और घरों में गंदा पानी आने की समस्या का भी समाधान करने की मांग की। चोपड़ा ने कहा कि इन सभी समस्याओं का स्थायी समाधान आगामी सीवरेज परियोजना के तहत किया जाना चाहिए, ताकि शहरवासियों को लंबे समय तक राहत मिल सके।

 

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Santosh Kumar Garg

Beauro Chief Balotra Rajasthan

Related Articles

Back to top button