बालोतराब्रेकिंग न्यूज़राजस्थानस्वास्थ्य
बालोतरा में 7 से 15 अगस्त तक लगेगा विशाल आयुर्वेद, एक्यूप्रेशर एवं चिकित्सा शिविर

ब्यूरो चीफ सन्तोष कुमार गर्ग
बालोतरा। रोटरी क्लब बालोतरा के तत्वावधान में 7 अगस्त से 15 अगस्त तक जांगिड़ रोटरी भवन, खेड़ रोड, बालोतरा में विशाल आयुर्वेद, एक्यूप्रेशर एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। नौ दिवसीय इस शिविर में विभिन्न शारीरिक एवं हड्डी रोग संबंधी समस्याओं का विशेषज्ञों द्वारा उपचार किया जाएगा।
रोटरी क्लब के अध्यक्ष हितेंद्र छाजेड़ एवं सचिव सीए अभिषेक जिंदल ने बताया कि शिविर में एक्यूप्रेशर विशेषज्ञ रामकुमार प्रजापत एवं प्रमोद कुमावत अपनी सेवाएं देंगे। मरीजों का उपचार एक्यूप्रेशर मसाज थेरेपी एवं सुजोक पद्धति के माध्यम से किया जाएगा।
शिविर संयोजक भरत गोलेछा एवं जितेंद्र माहेश्वरी ने बताया कि शिविर प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक तथा सायं 4:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक संचालित होगा। इस दौरान शरीर के विभिन्न रोगों, विशेषकर हड्डियों एवं जोड़ों से संबंधित समस्याओं का विशेषज्ञों द्वारा उपचार किया जाएगा।
मीडिया प्रभारी ओम बांठिया ने बताया कि शिविर में आने वाले मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श के साथ उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। पंजीयन एवं अन्य जानकारी के लिए जांगिड़ रोटरी भवन में विशेष कार्यालय भी स्थापित किया गया है।
रोटरी क्लब बालोतरा ने आमजन से इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
Subscribe to my channel


