जम्मू कश्मीरपुंछब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य

बाढ़ प्रभावित हरि मरहोटे (सुरनकोट) में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 700 से अधिक लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

ब्यूरो चीफ राजेश कुमार, पुंछ

 

 

पुंछ/सुरनकोट, 2 अगस्त। बाढ़ प्रभावित हरि मरहोटे क्षेत्र के लोगों को त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) जम्मू-कश्मीर की मिशन निदेशक श्रीमती आकृति सागर (आईएएस), उपायुक्त पुंछ श्री अशोक कुमार शर्मा (जेकेएएस) तथा स्वास्थ्य सेवा निदेशक जम्मू डॉ. पूनम सेठी के निर्देशों पर आयोजित किया गया।

शिविर का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी पुंछ डॉ. परवेज अहमद खान के मार्गदर्शन एवं ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर सुरनकोट डॉ. मोहम्मद यूसुफ की प्रत्यक्ष निगरानी में किया गया।

शिविर के दौरान चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की टीमों ने 700 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा प्रभावित लोगों को नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया। साथ ही राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम (NVBDCP) के फील्ड स्टाफ ने जलजनित एवं मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एहतियात के तौर पर पानी की टंकियों एवं प्राकृतिक जल स्रोतों का क्लोरीनीकरण भी किया। लोगों को केवल उबला हुआ पानी पीने की सलाह दी गई, ताकि हेपेटाइटिस, पीलिया, गैस्ट्रोएन्टराइटिस, टायफाइड तथा अन्य जलजनित बीमारियों से बचाव किया जा सके।

इसके अलावा मलेरिया, डेंगू जैसी वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम तथा सांप के काटने की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में भी लोगों को विस्तृत जानकारी दी गई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी पुंछ डॉ. परवेज अहमद खान ने कहा कि जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को तत्काल स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और संभावित बीमारियों की रोकथाम के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं लगातार जारी रहेंगी और जरूरतमंद लोगों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button