LIVE TVअपराधउत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

ऑपरेशन “CY-VAJRA” के तहत खीरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरजनपदीय साइबर ठग गिरोह के 8 शातिर गिरफ्तार

 

रिपोर्ट: वैद्यराज संजय पांडेय,स्टेट हेड, उत्तर प्रदेश

मोबाइल: 7376326175

लखीमपुर खीरी, 02 अगस्त 2026। जनपद खीरी में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन CY-VAJRA” के तहत खीरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम ने अंतरजनपदीय साइबर ठगी करने वाले गिरोह के 8 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में सिम कार्ड, मोबाइल फोन, फिंगरप्रिंट स्कैनर और अन्य उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 01 अगस्त 2026 को थाना साइबर क्राइम टीम ने कोतवाली सदर क्षेत्र के लखनऊ-बहराइच मुख्य मार्ग स्थित अमृतागंज नहर पुलिया के पास यात्री भवन से गिरोह के सदस्यों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस संबंध में थाना साइबर क्राइम खीरी में मुकदमा संख्या 37/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 317(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(डी) में मामला दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।

ऐसे करते थे साइबर ठगी

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह गरीब और भोले-भाले लोगों को सिम कार्ड पोर्ट कराने का झांसा देकर उनके बायोमेट्रिक अंगूठे का उपयोग करता था। इसके बाद उनके नाम पर अवैध रूप से अन्य सिम कार्ड जारी कराए जाते थे। इन सिम कार्डों के माध्यम से फर्जी यूपीआई खाते बनाकर उन्हें विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्मों पर उपयोग किया जाता था। साइबर अपराध से प्राप्त धनराशि का लेन-देन इन्हीं खातों से किया जाता था, जिसके बदले गिरोह के सदस्यों को कमीशन मिलता था।

गिरफ्तार अभियुक्त

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अंकित, विकास, सरोज कुमार, चन्द्रप्रताप, पप्पू, आनन्द, रिंकू और दिलीप यादव शामिल हैं। इनमें अधिकांश आरोपी लखीमपुर खीरी जनपद के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी सीतापुर जनपद का रहने वाला है।

बरामदगी

पुलिस ने आरोपियों के पास से निम्न सामान बरामद किया है—

121 विभिन्न कंपनियों के सिम कार्ड

09 एंड्रॉयड मोबाइल फोन

02 फिंगरप्रिंट रीडर डिवाइस

03 कॉपियां, जिनमें साइबर फ्रॉड से संबंधित डाटा दर्ज था

₹1000 नकद धनराशि

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजू राव, निरीक्षक अनिल कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक सुनील पवार, युवराज बाल्यान, आशीष सहरावत सहित आरक्षी आजम अली, मयंक वर्मा, वतन त्यागी और राहुल चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

खीरी पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर अपराधियों में हड़कंप मच गया है और आम जनता में सुरक्षा का संदेश गया है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को अपने दस्तावेज या बायोमेट्रिक जानकारी बिना सत्यापन के न दें तथा साइबर धोखाधड़ी की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन या निकटतम पुलिस स्टेशन को दें।

Viyasmani Tripaathi

Cheif editor Mobile no 9795441508/7905219162

Related Articles

Back to top button